चंडीगढ़: सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने राष्ट्रीय महिला आयोग को कामगारों के हकों के लिए संघर्षशील नौदीप कौर की रिहाई के लिए तत्काल दखल देने की अपील की। मजदूर अधिकार संगठन की पंजाब की कार्यकर्त्ता 23 वर्षीय नौदीप को कुंडली (हरियाणा) में किसान प्रदर्शनों में शामिल होने के दोष के अधीन 12 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद हुए डाक्टरी मुआयने में उसके गुप्त अंगों पर चोटों का पता चला था।
चौधरी ने कहा कि हरियाणा सरकार पहले दिन से किसान आंदोलन को कमजोर व खत्म करने के लिए काम कर रही है। नौदीप पर हत्या के प्रयास और फिरौती का दोष लगाया गया है, जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार नौदीप कौर को जल्द राहत देने के लिए कानूनी सहायता मुहैया करेगी।