नई दिल्लीः संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। वहीं इस दौरान आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष व सांसद मैंबर भगवंत मान व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने पार्लियामेंट में किसानों की आवाज बुलंद की। इस दौरान 'किसान विरोधी कानून वापस लो' के नारे लगाए गए। इसके साथ ही 'किसानों को आतंकवादी कहना बंद करो' के नारे भी गूंजे। इस संबंध में संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि संसद में किसानों की आवाज उठाते रहेंगे।
बता दें कि, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद के बजट सत्र के अभिभाषण के दौरान 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर प्रदर्शनकारियों की ओर से लाल किले पर हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "पिछले दिनों तिरंगे और गणतंत्र दिवस जैसे पवित्र दिन का अपमान बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। जो संविधान हमें अभिव्यक्ति की आजादी का अधिकार देता है, वही संविधान हमें सिखाता है कि कानून और नियम का भी उतनी ही गंभीरता से पालन करना चाहिए।"