लुधियाना: हाइट बढ़ाने के चक्कर में बच्चे को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। यह घटना कबीर नगर इलाके की है। जब 8वीं कक्षा का छात्र कमरे की खिड़की पर बंधी चुनरी के साथ लटक रहा था तो उसमें फंस गया। मृतक की पहचान 13 वर्षीय चरण गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना मंगलवार देर रात करीब 8.30 बजे की है। घटना का पता चलते ही बच्चे के परिजन उसे एसपीएस अस्पताल ले गए जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।थाना डिवीजन नं. 6 ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
जांच अधिकारी जतिंदर सिंह ने बताया कि उक्त बच्चा 8वीं कक्षा का छात्र है। उसे हाइट बढ़ाने का शौंक था। वह बाहर से घर आकर कमरे में खिड़की के साथ बंधी चुनरी के साथ लटक रहा था। इसी दौरान बच्चा चुनरी के साथ फंस गया। तब उसके माता-पिता को इस बात का पता नहीं चला। जब उसे माता-पिता ने ढूंढने का प्रयास किया, तब वह कमरे में चुनरी के साथ लटका हुआ गंभीर अवस्था में मिला।