तरनतारन : पंजाब के बेटे सुखबीर को आज बेहद गमगीन माहौल में उनके गांव ख्वासपुर में अंतिम विदाई दी गई। उनको श्रद्धांजलि देने भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े। गांव के मिडिल स्कूल के परिसर में सुखबीर सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि पार्थिव शरीर को गांव भेजने से पहले उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में सलामी दी गई थी। लोग शहीद सुखबीर सिंह अमर रहें और भारत माता की जय के घोष कर रहे थे इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जांबाज सुखबीर शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा (एलओसी) की गई फायरिंग में शहीद हाे गए थे। सेना के जवान ताबूत को कंधा देकर उनके घर तक लाए। इस दौरान जिले के अधिकारी, कई नेता और प्रमुख लोगों ने देश पर कुर्बान हुए सुखबीर सिंह काे श्रद्धांजलि दी। बता दें कि राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शहीद सुखबीर सिंह के परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता राशि और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का शुक्रवार को ही ऐलान कर दिया था।
Sukhbir Singh, gathered