नई दिल्लीः डिजीटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) की सुविधा आज से 24 घंटे सातों दिन (24x7x365) मिलनी शुरू हो गई है। इस तरह भारत दुनिया के उन कुछ देशों में शामिल हो जाएगा जहां आरटीजीएस का परिचालन सातों दिन और चौबीसों घंटे होता है। भारतीय रिजर्व बैंक ने अक्टूबर में घोषणा की थी कि आरटीजीएस सुविधा साल के सभी दिन चौबीसों घंटे उपलब्ध होगी।
24x7x365 मिलेगी सुविधा
देश में आरटीजीएस का ऑपरेशन चार बैंकों में 26 मार्च, 2004 को शुरू हुआ था। फिलहाल इसमें रोजाना 237 भागीदारों बैंकों के बीच 4.17 लाख करोड़ रुपए के 6.35 लाख लेनदेन होते हैं। आरटीजीएस में जिसे पैसा भेजा जा रहा है उसके पास पहुंचने पर पुष्टि का फीचर भी उपलब्ध है। बता दें कि वर्तमान में RTGS सिस्टम महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छोड़कर हफ्ते के सभी कामकाजी दिनों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध होता है।
क्या है RTGS
बता दें कि आरटीजीएस के तहत न्यूनतम ट्रांसफर अमाउंट 2 लाख रुपए है। वहीं अधिकतम राशि की कोई सीमा नहीं है। RTGS का मतलब है रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट सिस्टम। 'रियल टाइम' का मतलब है तुरंत। मतलब जैसे ही आप पैसा ट्रांसफर करें, कुछ ही देर में वह खाते में पहुंच जाए। आरटीजीएस के जरिए जब आप लेनदेन करते हैं तो दूसरे खाते में तुरंत पैसा ट्रांसफर हो जाता है।