केलांग। लाहौल स्पीति के केलांग वार्ड से पूर्व जिला परिषद सदस्य कुंगा ज्ञालछन बोध ने अपने जिला परिषद कार्यकाल के सफलतापूर्वक पूरा होने पर वार्ड की जनता का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने जनसंपर्क दौरे की शुरुआत मूलिंग पंचायत के बरगुल, शिपटिंग और मूलिंग गांवों से की। इसके बाद उन्होंने गोशाल, केलांग और कारदंग पंचायतों का दौरा कर स्थानीय जनता से मुलाकात की और अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, समर्थन एवं आशीर्वाद के लिए सभी का आभार जताया।
दौरे के दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल में करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के साथ विस्तार से साझा की। साथ ही लोगों की मौजूदा समस्याओं और मांगों को भी गंभीरता से सुना तथा उन्हें संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। इस दौरान विभिन्न गांवों में स्थानीय लोगों द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत भी किया गया।
इस दौरे की एक विशेष पहल के तहत कुंगा ज्ञालछन बोध ने केलांग जिला परिषद वार्ड की चारों पंचायतों की महिलाओं को अपने जिला परिषद सदस्य के रूप में प्राप्त मानदेय की राशि से 300 से अधिक बड़े प्लास्टिक किलटे वितरित किए। महिलाओं ने इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी जनता के बीच पहुंचकर अपने मानदेय की राशि से महिलाओं को उपयोगी सामग्री वितरित करना उनकी इस पहल को चर्चा का विषय बना रहा है। सोशल मीडिया से लेकर गांव-गांव तक लोग इस सामाजिक पहल की सराहना कर रहे हैं।
कुंगा ज्ञालछन बोध छात्र जीवन से ही विभिन्न छात्र संगठनों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं (NGOs) के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा से जुड़े रहे हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल पद पर रहते हुए ही नहीं, बल्कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी समाज और जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है।
उन्होंने अंत में केलांग जिला परिषद वार्ड की समस्त जनता, महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता से मिला स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
📍 Location: Lahual (Lahaul)

