Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

बजट प्रगतिशील, खुशहाल और रंगले पंजाब के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाएगा : Cm Mann

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 2024-25 बजट को सिर्फ पुस्तिका ही नहीं, बल्कि एक पवित्र दस्तावेज करार देते हुए कहा कि यह बजट एक प्रगतिशील, खुशहाल और रंगीले पंजाब के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। पंजाब विधानसभा में बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री ने बजट को राज्य का अब तक का सबसे बढ़िया बजट बताया। उन्होंने कहा कि सेहतमंद लोकतंत्र में चुने हुए नुमाइंदों के सुझावों और विचारों का हमेशा स्वागत किया जाता है, परंतु सिर्फ मीडिया का ध्यान खींचने के लिए अनावश्यक आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तथ्यों और आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि यह राज्य की तरक्की और खुशहाली का मसौदा है। उन्होंने कहा कि लोगों को आकर ठोस और सेहतमंद राजनीति में शामिल होना चाहिए और नौजवानों को भारतीय राजनीति के कायाकल्प में अहम भूमिका निभानी चाहिए।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राजनीति को बदलने और आम आदमी को राजनीतिक पार्टियों के एजैंडे पर लाने का सेहरा अरविंद केजरीवाल को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्रों या चुनाव घोषणा पत्रों के बजाय अब राजनीतिक पार्टियां लोगों को भलाई की गारंटियां दे रही हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह हमेशा ही किसी भी पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र को कानूनी दस्तावेज बनाने के पक्षधर रहे हैं जिससे राजनीतिक पार्टियां आम आदमी के साथ धोखा न कर सकें। उन्होंने कहा कि लोगों को बार-बार अच्छे दिन या मैं चौकीदार हूं, बताकर गुमराह किया गया है और अब मेरा परिवार कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह केंद्र में सत्ता में बैठी पार्टी के हक में दल बदली विरोधी कानून का दुरुपयोग किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नौजवानों के सशक्तिकरण के लिए राज्य के नौजवानों को अलगअलग विभागों में 40,437 नौकरियां दीं हैं। इसी तरह उन्होंने बताया कि वीरवार को संगरूर में एक समागम के दौरान 2,487 नौजवानों को सरकारी नौकरियां दीं जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोगों को मुफ्त बिजली, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त सेहत सेवाएं देना अच्छी तरह जानते हैं, परंतु विरोधी पक्ष को सिर्फ बुनियादी मुद्दों से भागने की कला में महारत हासिल है। उन्होंने कहा कि विरोधी पक्ष खासतौर पर कांग्रेस को गैर- जिम्मेदाराना काम करने की आदत है और सिर्फ मीडिया में मुख्य समाचार बटोरने के लिए वॉकआऊट कर रही है।

इस बजट की तरह अगला बजट और भी शानदार होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल के दौरान पंजाब सरकार की तरफ से राज्य की भलाई के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं और इस बजट द्वारा ऐसे और प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चाहे पिछली सरकारों ने राज्य को बुरी तरह लूटा था परंतु लोगों के विनम्र सेवक के तौर पर राज्य सरकार और हर विधायक लोगों की भलाई के लिए समर्पित है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस बजट की तरह अगला बजट और भी शानदार होगा क्योंकि इसमें कोई भी टैक्स नहीं लगाया जाएगा बल्कि लोगों को अधिक से अधिक सहूलियतें दी जाएंगी।

Exit mobile version