Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना में आज ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान; राजा वडिंग गुट में उत्साह, आशु गुट की भूमिका पर नज़र

पंजाब डेस्क: लुधियाना में कांग्रेस आज ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत दो अहम संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। पार्टी का उद्देश्य बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए मजबूत बनाना है।

दो स्थानों पर होंगे प्रमुख कार्यक्रम

पहला कार्यक्रम सुबह 10 बजे गुरु नानक देव भवन में आयोजित होगा, जबकि दूसरा कार्यक्रम दोपहर 3 बजे फिरोजपुर रोड स्थित किंग्स विला में रखा गया है। इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूद रहने की संभावना है।

राजा वड़िंग समर्थकों में दिख रहा उत्साह

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के समर्थकों में अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों, विशेषकर भारत नगर चौक और आसपास के क्षेत्रों में स्वागत होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं, जिससे कार्यक्रम को लेकर माहौल बनाया गया है।

भारत भूषण आशु गुट की भूमिका पर बनी नजर

दूसरी ओर, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के समर्थकों की ओर से अब तक कार्यक्रम को लेकर कोई खास सक्रियता देखने को नहीं मिली है। न तो बड़े स्तर पर स्वागत की तैयारियां नजर आई हैं और न ही प्रचार-प्रसार में उनकी भागीदारी सामने आई है।

📍 Location: Ludhiana

Exit mobile version