Site icon Dainik Savera Times

एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में नशामुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय शपथ

सुंदरनगर: नशामुक्त भारत अभियान के छठे वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में “नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध राष्ट्रीय शपथ” समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे के विरुद्ध एकजुट होकर नशामुक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।

एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि नशा आज समाज के समक्ष एक गंभीर चुनौती है और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं, परिवारों और समाज को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा एवं शक्ति के प्रतीक होते हैं और देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार, मित्रों और समुदाय को भी नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करे।

इसी कड़ी में खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुंदरनगर तथा धनोटू कार्यालय में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे एवं मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहेंगे तथा अपने जिले, राज्य और देश को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव प्रयास करेंगे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version