गोरखपुर : CM योगी ने बच्चों को पोलियो की बूंदें पिला किया इस अभियान का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ गोरखपुर से किया। यह अभियान एक हफ्ते तक चलेगा। राज्य में 5 वर्ष तक की उम्र के बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए आज से पल्स पोलियो अभियान शुरू किया गया है। आज मुख्यमंत्री योगी ने 5 बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाकर इस अभियान का शुभारम्भ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ गोरखपुर की पावन धरती से हो रहा है। ये संंक्रामक महामारी जो अस्थाई दिव्यांगता का कारण भी बनती है, इसके उन्मूलन के लिए इस अभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इसके मामले देखने को मिले हैं। जब तक पूरे विश्व से इस संक्रामक बीमारी का उन्मूलन नहीं हो जाता, तब तक इस सतर्कता के लिए हमें वर्तमान और भावी पीढ़ी को बचाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि 5 साल तक की उम्र के कुल 3.80 करोड़ बच्चों को पल्स पोलियो ड्राप्स पिलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए 1.10 लाख बूथ बनाए गए हैं। इस सम्बन्ध में राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि इस अभियान के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने के लिए सोमवार से घर-घर टीमें भेजी जाएंगी। इस दौरान सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वह बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए पल्स पोलियो ड्राप जरूर पिलाएं। इस सम्बन्ध में सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि इस अभियान को बेहतर ढंग से चलाया जाए और कहीं कोई लापरवाही न हो।