आजमगढ़ : CM योगी ने विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना, कहा- सपा और बसपा से जितनी दूरी बनाएंगे, उतना ही विकास होगा
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आयोजित जनसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा से जितनी दूरी बनाएंगे, उतना ही विकास होगा। उन्होंने लोगों से लोकसभा उपचुनाव से पूर्व भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि देश के युवाओं के लिए अग्निपथ योजना की पूरी दुनिया स्वागत कर रही है, पर विपक्ष निशाना साध रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव कोरोना काल में भी नहीं आए, जबकि उस समय जनता कष्ट में थी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मैंने 3 बार आजमगढ़ का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि जब देश महामारी से जूझ रहा था, अखिलेश मदद करने के बजाए टीका न लगवाने की बात कर लोगों को गुमराह कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में 35 लाख लोगाें को राशन मिला। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जनता ने सपा, बसपा को कई बार मौका दिया, लेकिन जनता को इन्होंने धोखा दिया। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि आजमगढ़ को आतंकगढ़ मत बनने दीजिएगा। ईश्वर ने आपको अवसर दिया है। भारतीय जनता पार्टी पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास की पक्षधर है।