Commonwealth Games 2022: भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व करेंगे मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत को सौंपी उपकप्तान की जिम्मेदारी
नई दिल्ली: बर्मिंघम में 29 जुलाई से शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान किया गया, जिसका नेतृत्व मनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि हरमनप्रीत सिंह को उपकप्तान बनाया गया। भारत को पूल बी में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ रखा गया है और वह अपने अभियान की शुरुआत 31 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगा।
टूर्नामेंट के लिए 18 सदस्यीय टीम के कप्तान के रूप में मनप्रीत की वापसी से भारत 2020 टोक्यो ओलंपिक खेलों का जादू फिर से देख सकेगा, जहां उन्होंने चार दशकों से अधिक के अंतराल के बाद कांस्य जीता था। उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह एफ.आई.एच. प्रो लीग के सर्वोच्च गोल स्कोरर थे, इसलिए भारत बर्मिंघम में एक शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर सकता है। टीम में अनुभवी गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश और कृष्ण बी पाठक शामिल हैं, जो चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं।
डिफैंडर वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और जरमनप्रीत सिंह को टीम में रखा गया है। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और नीलकांत शर्मा का अनुभव शामिल है, जबकि अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह और अभिषेक आक्रमण की कमान संभालेंगे। टीम चयन के बारे में बोलते हुए मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, ‘हम राष्ट्रमंडल गेम्स के लिए एक शानदार टीम के साथ गए हैं।’