BJP के वरिष्ठ नेता Lal Krishna Advani के घर पहुंचे PM Modi, जन्मदिन की दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली: देश के पूर्व गृह मंत्री लाल कृष्ण आडवाणी आज अपना 94वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। जहां उन्होंने आडवाणी को गुलदस्ता भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी।
बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर वर्तमान पाकिस्तान के कराची में 1927 को हुआ था। वह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। भारतीय जनता पार्टी को भारतीय राजनीति में एक प्रमुख पार्टी बनाने में उनका योगदान सर्वोपरि कहा जा सकता है। वे कई बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। जनवरी 2008 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने लोकसभा चुनावों को आडवाणी के नेतृत्व में लड़ने तथा जीत होने पर उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की घोषणा की थी।
भारतीय जनता पार्टी के जिन नामों को पूरी पार्टी को खड़ा करने और उसे राष्ट्रीय स्तर तक लाने का श्रेय जाता है उसमें सबसे आगे की पंक्ति का नाम है लालकृष्ण आडवाणी। लालकृष्ण आडवाणी कभी पार्टी के कर्णधार कहे गए, कभी लौह पुरुष और कभी पार्टी का असली चेहरा कहे जाते हैं।