Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

खिलाड़ी अपनी जवानी देश को समर्पित कर दें, ताकि देश की झोली में और अधिक अंतर्राष्ट्रीय पदक आ सके: Anurag Singh Thakur

December 18, 2022

खिलाड़ी अपनी जवानी देश को समर्पित कर दें, ताकि देश की झोली में और अधिक अंतर्राष्ट्रीय पदक आ सके: Anurag Singh Thakur

सोनीपत: केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने खिलाडियों का आह्वान किया है कि वे अपनी जवानी देश को समर्पित कर दें ताकि देश की झोली में और अधिक अंतर्राष्ट्रीय पदक आ सके। श्री ठाकुर ने शनिवार को यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बहालगढ़ स्थित उत्तर क्षेत्रीय केन्द्र में 40 करोड़ 45 लाख रूपये की लागत से बनने वाले हाई परफॉर्मेंस सेंटर की आधारशिला रखी और बहालगढ साई सेंटर में 04 करोड़ की लागत से हॉकी मैदान में बिछाए गए एस्ट्रोटर्फ का भी उद्घाटन किया।

उन्होंने खिलाडियों, युवाओं तथा आम जनमानस से आह्वान किया कि वे अपनी फिटनेस को सही करने के लिए हर रोज आधा घण्टा फिटनेस का डोज लें। क्योंकि जब देश का हर एक व्यक्ति फिट होगा तभी फिट इंडिया का नारा सार्थक हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में देश के खेल बजट को 840 से बढ़ाकर तीन हजार करोड़ रुपये कर दिया ताकि हमारे खिलाडिय़ों को और अधिक संसाधन एवं सुविधाएं मुहैया कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि दूसरे देशों में अपने देश की ताकत दिखाने का खेल ही सबसे सरल माध्यम है। जब कोई खिलाड़ी किसी देश में अंतर्राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतता है तो वहां देश का तिरंगा एवं राष्ट्रगान बजाया जाता है जो हर भारतीय के लिए सबसे गर्व का पल होता है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र सरकार पूरे देश में 15 अगस्त 2023 तक एक हजार खेलों इंडिया सेंटर खोलने जा रही है, जिसमें खिलाडियों को खेलने के लिए हर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। हाल ही में खेल मंत्रालय द्वारा 750 खेलों इंडिया सेंटरों को मंजूरी भी दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में लडक़ों के मुकाबले लड़कियों की संख्या कम होने के बावजूद यहां की बेटियां हर अंतर्राष्ट्रीय खेल स्पर्धा में देश में सबसे ज्यादा पदक जीतकर लाती है और यह इसलिए सभंव होता है क्योंकि यहां के लोगों की मानसिक इतनी अच्छी है कि वे अपनी बेटियों को खेलों में आगे बढऩे के लिए सभी अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बहालगढ़ साई सेंटर में रहने वाले खिलाडिय़ों के रहने के लिए 26 करोड़ 80 लाख रूपये की लागत से सभी सुविधाओं से पूर्ण 300 बिस्तर का छात्रावास भी बनाया जा रहा है।

उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बजरंग पुनिया, सुमित आंतिल, अभिषेक वर्मा, सरिता मोर तथा अमित सरोहा को सम्मानित करते हुए कहा कि मैं खिलाडिय़ों से वादा करता हूं कि मैं खेल मंत्री होने के नाते आपको हर सुविधा मुहैया कराऊंगा आप बस देश के लिए पदक लाने के पूरी लगन से मेहनत करें। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने साई सेंटर बहालगढ का दौरा करते हुए खिलाडिय़ों को दी जाने वाली सभी सुविधाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री निसिथ परमानिक , सांसद रमेश कौशिक , साई के महानिदेशक संदीप प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें