Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

15 जून से 30 नवंबर तक 72,378 सवारियों ने किया पंजाब से दिल्ली हवाई अड्डे तक वॉल्वो बसों में सफर: मंत्री लालजीत भुल्लर

December 20, 2022

15 जून से 30 नवंबर तक 72,378 सवारियों ने किया पंजाब से दिल्ली हवाई अड्डे तक वॉल्वो बसों में सफर: मंत्री लालजीत भुल्लर

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पंजाब से दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक शुरू की गई किफ़ायती वॉल्वो बस सेवा का अब तक 72,378 हज़ार सवारियां लाभ ले चुकी हैं जिससे राज्य सरकार को लगभग 13.89 करोड़ रुपए की आय हुई है।

परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 15 जून को पंजाब से बस सेवा का उद्घाटन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा किया गया था। तभी से पंजाब रोडवेज़/पनबस और पी.आर.टी.सी. की 25 वॉल्वो बसें रोज़ाना अमृतसर, पठानकोट, लुधियाना, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, पटियाला, नवांशहर, रोपड़, मोगा और चंडीगढ़ से दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक चल रही हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 15 जून से 30 नवंबर तक पी.आर.टी.सी. की वॉल्वो बसों में 24,302 सवारियों ने सफ़र का आनंद लिया जबकि पंजाब रोडवेज़/पनबस की वॉल्वो बसों में 48,076 यात्रियों ने सफ़र किया। इस अरसे के दौरान इस रूट पर सरकार ने 13.89 करोड़ रुपए की आय जुटायी है। उन्होंने बताया कि पी.आर.टी.सी. को 2 करोड़ 64 लाख 26 हज़ार 775 रुपए की आय हुई और पंजाब रोडवेज़/पनबस ने 11 करोड़ 24 लाख 85 हज़ार 155 रुपए कमाऐ।

उन्होंने कहा कि सरकारी बसों में प्राईवेट ट्रांसपोर्टरों के मुकाबले आधे से भी कम कीमतों पर आरामदायक और आलीशान यात्रा की सुविधा मिल रही है। इन वॉल्वो बसों ने निजी ट्रांसपोर्टरों का एकाधिकार बिल्कुल ख़त्म कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें