Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल के मलोट में Rahul Gandhi की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हुई संपन्न

January 18, 2023

हिमाचल के मलोट में Rahul Gandhi की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हुई संपन्न

शिमला: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्र’ हिमाचल प्रदेश में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में मानसर से आज प्रात: सात बजे शुरु होकर सायं साढ़े छह बजे मलोट में संपन्न हुई।

मलोट में एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू पार्टी के जमीनी स्तर से जुड़े कार्यकर्ता हैं, जो आम लोगों की आवाज सुनते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें यह देखकर अच्छा लगा कि हिमाचल प्रदेश की जनता उनसे अथाह प्रेम करती है। भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहाड़ों का राज्य है, लेकिन यहां चलना आसान है क्योंकि यहां के लोग शांति के प्रतीक हैं। भारत जोड़ो यात्रा को हिमाचल प्रदेश के लोगों का भरपूर सहयोग व स्नेह मिला है, जिसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के स्नेह से उन्हें नई ऊर्जा मिली है।

राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल के लोगों में आपसी भाईचारा है तथा यही राज्य का समृद्ध इतिहास है। यहां के लोगों की शक्ति ही हमारी शक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से आरंभ होकर कई राज्यों से गुजरी है तथा 30 जनवरी को यह यात्रा कश्मीर में समाप्त होगी। इस दौरान लगभग 3570 किमी की पैदल यात्रा होगी। यात्रा में प्रतिदिन 25-30 किमी का सफर पैदल किया जाता है, इससे मुझे कोई थकान नहीं होती।

गांधी ने कहा कि आज देश में भाषा, धर्म व जाति के नाम पर राजनीति की जा रही है तथा असली मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं की जा रही। इसीलिए उन्होंने भारत जोड़ो यात्र आरंभ की, जिससे मंहगाई, बेरोजगारी, नोटबंदी तथा गलत जीएसटी जैसे विषयों पर बात शुरु हुई। वहीं अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। प्रदेश में नई सरकार के गठन के एक महीने के भीतर ही सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह तथा एक लाख रोजगार प्रदान करने पर भी गंभीरता के साथ प्रयास आरंभ कर दिए हैं। इसके लिए मंत्रिमंडलीय उप-समितियों का गठन किया गया है, जो एक माह में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर देंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपने सभी वायदे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें