Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal में अगले 48 घंटे तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, पर्यटकों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

January 20, 2023

Himachal में अगले 48 घंटे तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, पर्यटकों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

शिमलाः हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी है। पहाड़ों की रानी शिमला सहित उपरी क्षेत्रों में फिर बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी से प्रदेश शीतलहर की चपेट में हैं, जिससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। हिमाचल प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान प्रदेश भर में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है जबकि 23 ओर 24 जनवरी को भारी बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 26 जनवरी तक प्रदेश के सात जिलों में भारी बर्फबारी की आशंका है। इनमें शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, लाहुल -स्पीति और किन्नौर जिला शामिल है।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बर्फबारी हुई है और आगामी 24 घंटों के दौरान भी ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 23 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते प्रदेश भर में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है और कई हिस्सों में भारी बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान शिमला शहर में भी अच्छी बर्फबारी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाहौल स्पीति में तापमान माईनस में चल रहा है, जबकि शिमला सहित अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में आगामी दिनों में बर्फबारी होने से तापमान में कमी आएगी और निचले क्षेत्रो में शीतलहर चलने की भी संभावना है।

पर्यटकों व स्थानीय लोगों को संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। शिमला पुलिस ने अनुरोध किया है कि जब तक सड़कें साफ नहीं हो जाती तब तक यात्र न करें। किसी भी आपात स्थिति में 0177-2812344, 112 या निकटतम पुलिस स्टेशन में संपर्क करें। वहीं, डीसी लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी को देखते हुए स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को हिदायत दी है कि अनावश्यक यात्र से बचें।

मौसम विभाग के मुताबिक लाहौल स्पीति के केलांग में माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। जबकि शिमला में 2.9, सुंदरनगर 7.5, भुंतर 6.8, कल्पा माइनस 1.8, धर्मशाला 5.2, ऊना 8.5, नाहन 7.4, पालमपुर 5.0, सोलन 3.5, मनाली 0.4, कांगड़ा 8.5, मंडी 7.6, बिलासपुर 8.0, हमीरपुर 8.2, चंबा 7.8, डलहौजी माइनस 0.3, जुब्बड़हट्टी 3.6, कुफरी माइनस 1.3, कुकुमसेरी माइनस 2.5, नारकंडा 2.5, कसौली 2.6, रिकांगपिओ 0.5, सेऊबाग 5.0, धौलाकुआं 10.9, बरठीं 8.3, पांवटा साहिब 9.0 और सराहन में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें