Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

2024 चुनाव के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार: भूपेंद्र हुड्डा

January 22, 2023

2024 चुनाव के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार: भूपेंद्र हुड्डा

रोहतक: 2024 चुनाव के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार है। जनता कांग्रेस को जिताने का मन बना चुकी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को हरियाणा में मिला ऐतिहासिक समर्थन जनता के मूड को बताता है। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने रोहतक में कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत की।

पत्रकारों से बातचीत में चुनाव के लिए बीजेपी की तैयारियों के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि जनता बीजेपी और जेजेपी को पटकनी देने के लिए कमर कस चुकी है। आज जनता के सामने समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ते अपराध और नशे जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच में जाएगी। निश्चित तौर पर कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा।

हुड्डा ने पहलवानों द्वारा कुश्ती संघ और उसके अध्यक्ष पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष ने बेवजह उनका और दीपेंद्र का नाम पूरे मामले में घसीटने की कोशिश की। वह इस बारे में वकीलों से सलाह मशवरा कर रहे हैं ताकि कुश्ती संघ अध्यक्ष पर मानहानि का मुकदमा किया जा सके। हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ी हमारे देश की शान हैं और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। इसी तरह हरियाणा के खेल मंत्री पर लगे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि खेल मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।

गन्ना किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए एक बार फिर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दोहराया कि सरकार को उनकी मांग माननी चाहिए। किसान ₹450 प्रति क्विंटल रेट की मांग कर रहे हैं। सरकार को कम से कम हरियाणा के किसानों को पंजाब के समान रेट तो देना ही चाहिए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान गन्ने के रेट में 165% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई थी जबकि भाजपा कार्यकाल के दौरान सिर्फ 17% बढ़ोतरी हुई। गन्ने का रेट बढ़ाने के मामले में बीजेपी और जेजेपी कांग्रेस के सामने कहीं नहीं ठहरती।

हुड्डा ने ई-टेंडरिंग का विरोध कर रहे सरपंचों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार को चुने हुए प्रतिनिधियों पर भरोसा कर उन्हें गांव के विकास कार्य करवाने का मौका देना चाहिए। सरकार अड़ियल रवैया छोड़कर सरपंचों को ई टेंडरिंग के जंजाल से छुटकारा दे।

कांग्रेस के हाथ से जोड़ो हाथ कार्यक्रम के बारे में बताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 25 तारीख को पार्टी की बैठक होने जा रही है। हरियाणा कांग्रेस इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। भारत जोड़ो यात्रा की तरह इस कार्यक्रम को भी हरियाणा में ऐतिहासिक समर्थन हासिल होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें