Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu University को खेल केंद्र में बदलने के लिए बजट में 5 करोड़ का प्रावधान

January 31, 2023

Jammu University को खेल केंद्र में बदलने के लिए बजट में 5 करोड़ का प्रावधान

जम्मू: जम्मू विश्वविद्यालय की खेल संस्थान को पूर्णतया खेल केंद्र में बदलने की लिए वर्ष 2023-24 के कैपेक्स बजट को पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जम्मू विश्वविद्यालय शिक्षा विभाग के निदेशक दाउद इकबाल ने यूनीवार्ता को बताया कि विद्यार्थियों के लिए शारीरिक विश्वविद्यालय की विशेष खेल नीति पहले से ही तैयार है और बहुत जल्द घोषित की जाएगी। इसके अलावा, पहली ‘खेल नीति’ भी इस क्षेत्र को एक पेशे के रुप में अपनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए सर्वोच्च विषयों में से एक के रुप में पेश करने के लिए तैयार है।

निदेशक ने कहा कि वर्ष 2023-24 के कैपेक्स बजट में सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और खेल अकादमियों के रुप में अधिक विषयों को पेश करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए पांच करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। डॉ इकबाल ने कहा, ‘‘आने वाले महीनों में, हम लड़ाकू खेलों पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसके लिए एक विशेष शूटिंग रेंज के अलावा परिसर तैयार किया जाएगा। हमारी अपनी खेल नीति अंतिम रुप में है और बहुत जल्द सार्वजनिक डोमेन में होगी।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय, प्रदेश में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक रखने वाला पहला संस्थान है। उन्होंने बताया कि दूसरे जिलों से आने वाली टीमों के लिए विभिन्न टूर्नामेंटों और विशेष प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने के लिए दो सौ बिस्तरों वाला स्पोट्र्स हॉस्टल भी तैयार है।

दाउद ने कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय में तलवारबाजी, मुक्केबाजी, फुटबॉल, टेबल टेनिस और क्रिकेट अकादमियों में खेलकर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं इसके अलावा, बुनियादी ढांचे में वृद्धि के साथ, अन्य अकादमियां भी शुरु की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर खेल परिषद और युवा सेवा, खेल विभाग कोचों की अतिरिक्त भर्ती करेगा, इसके अलावा विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ एक अंतरराष्ट्रीय मानक बुनियादी ढांचा विश्वविद्यालय भी तैयार करने वाला है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में खेल अकादमी खोलने पर इसलिए जोर दिया जा रहा है, ताकि कम उम्र में विद्यार्थियों की पहचान हो सके। खेल विकास एक सतत प्रक्रिया है और इसे मजबूत किया जाएगा। गौरतलब है कि जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उमेश राय ने 2022 में राष्ट्रीय खेल दिवस पर सभी इनडोर खेलों के लिए सिंथेटिक खो-खो मैदान, सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट, शूटिंग रेंज सहित अन्य खेलों के लिए बुनियादी ढांचों को मजबूत करने पर अधिक जोर दिया है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें