Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

Deputy CM Mukesh Agnihotri ने संत बाबा बाल जी का लिया आशीर्वाद, भव्य शोभा यात्रा में हुए शामिल

February 4, 2023

Deputy CM Mukesh Agnihotri ने संत बाबा बाल जी का लिया आशीर्वाद, भव्य शोभा यात्रा में हुए शामिल

ऊनाः उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज ऊना जिले के सुप्रसिद्ध श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां में राष्ट्रीय संत बाबा बालजी के सानिध्य में 1 से 13 फरवरी तक चल रहे श्रीमद्भागवत गीता प्रवचन में पहुंचकर संत बाबा बाल जी का आशीर्वाद लिया तथा भव्य शोभा यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वह संत बाबा बाल जी के आभारी हैं जिन्होंने इस विशाल आध्यात्मिक समारोह में आने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संत बाबा बाल उत्तर भारत के बड़े संतों में शुमार हैं और लोगों की भी इस पवित्र स्थल से गहरी आस्था है। हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचकर प्रवचन सुनते हैं और उनका आशीर्वाद ग्रहण करते हैं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि संत बाबा बाल जी से ऊना जिला के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी हजारों की संख्या में लोग जुड़े हैं। यह आश्रम उत्तर भारत के श्रद्धालुओं की गहन आस्था का केंद्र है तथा ऊना जिला के लिए यह हर्ष व गौरव का विषय है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी मंदिरों के विकास एवं सुधार के लिए प्रतिबद्ध है ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थल छिन्नमस्तिका धाम माता श्री चिंतपूर्णी जी में श्रद्धालुओं को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य शुरू किए गए हैं। चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हवन, प्रसाद, लंगर व जागरण इत्यादि की ऑनलाइन सुविधा प्रदान की जा रही है ताकि मंदिर स्थल पर पहुंचने के पश्चात उन्हें किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि राज्य के इस सुप्रसिद्ध मंदिर में डिजिटल स्क्रीन, सोलर लाईट, कैमरे, रोपवे, लिफ्ट तथा एस्केलेटर निर्माण के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चिंतपूर्णी मंदिर में म्यूजियम और माता का बाग का भी निर्माण किया जाएगा।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी मंदिरों में लोगों के दर्शनार्थ बस सुविधा प्रदान करने के लिए एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि राज्य एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुगमता हो सके। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के लिए बसों की सुचारू सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त वृंदावन व खाटूश्याम धार्मिक स्थलों के लिए भी बस सेवा शुरू की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, तहसीलदार हुसन चंद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें