दुश्मनों के डर से सीमावर्ती इलाकों का विकास नहीं करवाया कांग्रेस सरकारों ने : PM Modi

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर देश के सैनिकों के शौर्य को कम करके आंकने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस सरकारों ने इस डर से सीमावर्ती इलाकों में विकास नहीं करवाया कि कहीं उनकी बनाई नई सड़कों का इस्तेमाल दुश्मन न कर ले लेकिन कांग्रेस को यह पता नहीं था.

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर देश के सैनिकों के शौर्य को कम करके आंकने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस सरकारों ने इस डर से सीमावर्ती इलाकों में विकास नहीं करवाया कि कहीं उनकी बनाई नई सड़कों का इस्तेमाल दुश्मन न कर ले लेकिन कांग्रेस को यह पता नहीं था कि सीमा पर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देना हमारी सेनाओं को बखूबी आता है। प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘कांग्रेस की सरकारें सीमा से जुड़े गांवों और शहरों का इसलिये विकास नहीं करती थी क्योंकि वो डरती थीं और यह संसद में उन्होंने बोला है। मोदी ने कहा,‘‘ वो डरती थीं कि हम सीमा पर रास्ते बना देंगे, सड़कें बना देंगे तो दुश्मन उसी पर चलकर के चला आयेगा तो क्या होगा। हमारी बनाई सड़कों पर दुश्मन आ जायेगा तो क्या होगा. मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों हमेशा हमारे सैनिकों का शौर्य उनकी बहादुरी को कम करके आंकती रही।

मोदी ने आगे कहा,‘‘सीमा पर दुश्मनों को रोक देना, उन्हें मुंह तोड़ जवाब देना हमारी सेना को बखूबी आता है। इसलिये अब भाजपा सरकार सीमावर्ती जिलों में सीमा के पास बने गांवों में भी विकास के कामों में तेजी ला रही है।’’उन्होंने कहा,‘‘ बीते नौ वर्षो में हमने राजस्थान सहित देश के पूरे बॉर्डर पर रोड और रेल का सशक्त नेटवर्क तैयार कर दिया है। केन्द्र सरकार राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र में भी लगभग 1400 किमी सड़कों पर काम कर रही है। इसके अलावा अभी करीब करीब एक हजार किमी की सड़क राजस्थान में और बनाने का प्रस्ताव है यानी भाजपा राजस्थान को नई संभावनाओं का प्रदेश बना रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे राज्य में विकास को गति देगा। मोदी ने एक अन्य कार्यक्रम में इसे राष्ट्र को सर्मिपत किया। मोदी ने कहा कि पिछले नौ साल में केंद्र सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में सड़क और रेल का जाल बिछाया है।

मोदी ने धनावड़ (दौसा) में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के एक खंड को राष्ट्र को सर्मिपत करने के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह एक्सप्रेस वे राजस्थान में भी विकास को गति देगा। उन्होंने कहा,दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पहले चरण को राष्ट्र को सर्मिपत करते हुए मुझे बहुत गर्व हो रहा है। यह देश के सबसे बड़े व सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे में से एक है। यह विकसित होते भारत की एक और भव्य तस्वीर है। मोदी ने कहा,‘‘बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार भी निरंतर इंफ्रास्ट्रर पर बहुत बड़ा निवेश कर रही है। राजस्थान में भी हाईवे के लिए बीते वर्षों में 50 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक दिए गए हैं। इस वर्ष के बजट में तो हमने इंफ्रास्ट्रर के लिए 10 लाख करोड़ रुपए की व्यवस्था की है। ये 2014 की तुलना में 5 गुना अधिक है। इस निवेश का बहुत बड़ा लाभ राजस्थान को होने वाला है। यहां के गांव, गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को होने वाला है।’’ उन्होंने साथ ही राज्य की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसे पास कोई विजन नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजस्थान को अब ‘‘ऐसी अस्थिर सरकार व अनिश्चितता से मुक्ति चाहिए तभी राजस्थान में कानून का राज स्थापित हो पायेगा और यह तेज विकास के रास्ते पर चल पायेगा।’’ पांच साल पहले केंद्र व राजस्थान, दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की संभावना की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा,‘‘बीते पांच साल में अगर राजस्थान में डबल इंजन की पावर लगी होती तो यहां का विकास कितना तेज हो जाता।’’उल्लेखनीय है कि राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। सभा में काफी भीड़ उमड़ी और मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व गजेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा, सांसद सुखबीर सिंह जाैनपुरिया, जसकौर मीणा तथा रंजीता कोहली, प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ मौजूद थे।

- विज्ञापन -

Latest News