Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिला प्रीमियर लीग: RCB ने Ben Sauer को बनाया मुख्य कोच

February 15, 2023

महिला प्रीमियर लीग: RCB ने Ben Sauer को बनाया मुख्य कोच

बेंगलुरुः रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने पहले महिला प्रीमियर लीग के लिए बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के बेन सॉयर को मुख्य कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मालोलन रंगराजन को सहायक कोच के रूप में नियुक्त किया है। आरसीबी के क्रिकेट संचालन निदेशक माइक हेसन ने फ्रेंचाइजी के ट्विटर हैंडल के माध्यम से डब्ल्यूपीएल 2023 से पहले कोचिंग स्टाफ की घोषणा की हैं।

सॉयर 20 से अधिक वर्षों से महिला क्रिकेट में अग्रणी हैं। न्यूजीलैंड की महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स महिला टीम के वर्तमान मुख्य कोच हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के सहायक कोच के रूप में भी काम किया है और महिला बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स के मुख्य कोच भी रह चुके हैं। सॉयर्स और रंगराजन के अलावा, आरसीबी ने नागालैंड क्रिकेट एसोसिएशन के वर्तमान मुख्य कोच आरएक्स मुरली को अपने बल्लेबाजी कोच और भारत की पूर्व क्रिकेटर वनिता वीआर को स्काउट और फील्डिंग कोच के रूप में नामित किया है।

डॉ हरिनी (टीम मैनेजर और टीम डॉक्टर), नवनीता गौतम (हेड एथलेटिक थेरेपिस्ट), हुजेफा तालिब (स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच), सब्यसाची साहू (हेड फिजियो) और सौम्यदीप पाइन जैसे अन्य नाम आरसीबी सपोर्ट स्टाफ की इस सूची में शामिल हैं। इससे पहले, सोमवार को, बैंगलोर स्थित फ्रेंचाइजी ने सुपरस्टार्स से भरी एक टीम का अधिग्रहण किया, जिसमें पहले डब्ल्यूपीएल नीलामी में ऐतिहासिक रूप से स्मृति मंधाना सबसे महंगी खिलाड़ी बनी थीं।

मंधाना के अलावा, फ्रेंचाइजी की स्टार-स्टडेड लाइन-अप में ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिसे पेरी और मध्यम तेज गेंदबाज मेगन शुट्ट, न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन, इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट, अंडर 19 स्टार ऋचा घोष और दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर डेन वान नीकेर्क शामिल हैं। डब्ल्यूपीएल का पहला सीजन 4 मार्च को शुरू होगा। आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत 5 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें