Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

Modi-Adani का ‘गठजोड़’ देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा : Akhilesh Pratap Singh

February 17, 2023

Modi-Adani का ‘गठजोड़’ देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा : Akhilesh Pratap Singh

शिमलाः कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडाणी समूह के बीच ‘गठजोड़’ देश के लोगों, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे वर्ष 2024 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर इस ‘गठजोड़’ को खत्म करें। सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अडाणी समूह पर लगे आरोपों की जांच कराने को इच्छुक नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सबसे गंभीर आरोप यह है कि कई विदेशी कंपनियों ने अडाणी समूह में बड़ी राशि का निवेश किया। जितनी राशि का निवेश अडाणी समूह में किया गया है वह राशि उन कंपनियों के कुल मूल्य से भी अधिक है। क्या इस बात की जांच नहीं की जानी कि निवेश की गई इस राशि का स्नेत क्या है?’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमने संसद में मामले की जांच की मांग की, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द भी इस मुद्दे पर नहीं बोला। यह स्पष्ट रूप से इंगित करता है कि दोनों के बीच गठजोड़ है।’’

सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने अडाणी की मदद करने के लिए ‘नियमों को ताक पर रखकर काम किया।’ उन्होंने दावा किया, ‘‘अडाणी समूह को हवाई अड्डे और बंदरगाहों को देने के लिए नियमों को मनमाने तरीके से बदला गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महामारी के दौरान सभी को नुकसान हुआ जबकि अडाणी समूह की संपत्ति में कई गुना वृद्धि हुई। वर्ष 2014 में अमीरों की सूची में 609वें स्थान पर मौजूद व्यक्ति दुनिया का दूसरा सबसे अमीर व्यक्ति बन गया।’’ सिंह ने आरोप लगाया कि हिंडनबर्ग से पहले ही कई भारतीय एजेंसियों ने अडाणी समूह में वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितता को लेकर आगाह किया था लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें