Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिल्म ‘Singham 3’ में ‘Lady Singham’ के किरदार में नजर आयेंगी Deepika Padukone

February 19, 2023

फिल्म ‘Singham 3’ में ‘Lady Singham’ के किरदार में नजर आयेंगी Deepika Padukone

दीपिका पादुकोण आज के इस दौर में बॉलीवुड की सबसे ज्यादा पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उन्होंने शाहरुख खान के साथ ‘ओम शांति ओम’ के साथ बॉलीवुड में डैब्यू किया था और अपनी पहली ही फिल्म में अपनी सादगी से सभी का दिल जीत लिया। दीपिका खूबसूरत हैं और सिल्वर स्क्रीन पर वह गजब की नजर आती हैं। आकर्षक स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार एक्टिंग के बल पर हर किरदार में वह बहुत ज्यादा असरकारक नजर आती हैं। दीपिका संभवत: बॉलीवुड की पहली ऐसी एक्ट्रेस हैं, जिनकी शादी के बाद ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ती ही जा रही है। शादी के बाद उन्हें पहले से कहीं ज्यादा काम मिल रहा है और वह कर भी रही हैं। 5 जनवरी 1986 को कोपेनहेगन डेनमार्क में पैदा हुई दीपिका पादुकोण ने अपने करियर की शुरुआत साऊथ की फिल्म ऐश्वर्य (2006) के साथ की थी। इसके बाद ही उन्हें बॉलीवुड की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ (2007) मिली थी।

‘ओम शांति ओम’ (2007) से लेकर ‘पठान’ (2023) तक दीपिका ने एक लंबा सफर तय किया है और एक से बढ़कर एक अनेक किरदार अदा किए हैं। उनकी फैन फोलोइंग जबरदस्त है। ‘पठान’ (2023) में शाहरुख खान की तरह,दीपिका के हिस्से में भी काफी एक्शन आया। ‘ओम शांति ओम’ (2007), ‘चैन्नई एक्सप्रेस’ (2013) और ‘हैप्पी न्यू ईयर (2014) के बाद शाहरुख के साथ यह उनकी चौथी फिल्म है। दोनों की ऑनस्क्रीन कैमिस्ट्री को दर्शकों द्वारा हमेशा पसंद किया जाता रहा है, लेकिन इस बार तो दोनों ने कमाल ही कर दिया। ‘पठान’ (2023) में दीपिका ने जबरदस्त एक्शन किया, जिसके लिए उन्हें खूब तारीफ मिल रही हैं। फिल्म में उनके बोल्ड अवतार को खूब पसंद किया जा रहा है। ‘पठान’ (2023) में शाहरुख के साथ दीपिका पर फिल्माया गया गाना ‘बेशरम रंग…’ विवादों में रहा। इस गाने का सारे देश में जमकर विरोध हुआ लेकिन सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित इस एक्शन थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर कई पुराने कीर्तिमान तोड़ते हुए ढेर सारे नए कीर्तिमान स्थापित किए। ‘पठान’ (2023) शायद ऐसी पहली फिल्म है, जिसके साथ 7 दिन में 700 करोड़ का कारोबार करने का कीर्तिमान दर्ज हुआ है।

‘पठान’ (2023) के बाद नए साल में दीपिका की कुछ और फिल्में भी आएंगी और उनमें, उनके ऐसे कई किरदार देखने को मिलेंगे जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। पिछले साल दीपिका की ‘गहराइयां’ (2022) के बोल्ड अवतार ने आग लगा दी। फिल्म में स्टाइलिश बिकीनी पहनने से लेकर क्लासी योगा तक वह हर चीज में हॉट लगीं। दीपिका पादुकोण अपने पिता मशहूर बैडमिंटन प्लेयर प्रकाश पादुकोण की बायोपिक प्रोड्यूस करने जा रही हैं। काफी समय से दीपिका इसके पेपर वर्क पर काम कर रही हैं। दीपिका का कहना है कि ‘मेरे पिता ने अपने करियर की शुरुआत एक मैरिज हाऊस को बैडमिंटन कोर्ट बनाकर की थी। यदि उनके पास आज जैसी सुविधाएं होती तो उनकी कहानी कुछ और ही होती। रोहित शेट्टी बहुत जल्दी अगली फिल्म ‘सिंघम 3’ पर काम शुरू करने जा रहे हैं। इस बार उनकी यह फिल्म ‘लेडी सिंघम’ के बारे में ही होगी। फिल्म में दीपिका, महिला पुलिसवाली की मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी।

उम्मीद की जा रही है कि बहुत जल्दी फिल्म के लिए दीपिका के नाम की विधिवत घोषणा होगी। ‘सिंघम 3’ की शूटिंग इस महीने के आखिर में शुरू हो सकती है। फिल्म को इसी साल के आखिर में रिलीज किए जाने की प्लानिंग है। इसके पहले भी दीपिका शाहरुख खान के अपोजिट रोहित शेट्टी की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ कर चुकी हैं। फिल्म में दीपिका पूरी तरह इंडियन लुक में मीनम्मा के किरदार में नजर आई थीं जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था। वह फिल्म दीपिका के करियर के लिए माइल स्टोन साबित हुई थी। दीपिका पादुकोण इंडस्ट्री में 15 साल पूरे कर चुकी हैं और अपने शानदार करियर में वह ‘पीकू’ (2015) ‘बाजीराव मस्तानी’ (2015) ‘पद्मावत’ (2018) और ‘छपाक’ (2020) जैसी एक से बढ़कर एक नायिकाप्रधान फिल्मों में सशक्त भूमिकाएं निभा चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें