Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

शतरंज खिलाड़ी विग्नेश और विसाख बने भारत के पहले ग्रैंडमास्टर बंधु

February 20, 2023

शतरंज खिलाड़ी विग्नेश और विसाख बने भारत के पहले ग्रैंडमास्टर बंधु

नई दिल्ली : भारत के 24 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी विग्नेश एनआर जर्मनी के इंटरनेशनल मास्टर इल्जा श्नाइडर को हराकर और जर्मनी में 24वां नॉर्डवेस्ट कप 2023 जीतकर देश के 80वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। चेन्नई के विग्नेश ने लाइव रेटिंग में 2500 का आंकड़ा पार करने के बाद यह उपलब्धि हासिल की। विग्नेश के बड़े भाई विसाख एनआर 2019 में भारत के 59वें ग्रैंडमास्टर बने थे। विग्नेश की इस उपलब्धि के साथ एनआर बंधु भारत के पहले ग्रैंडमास्टर भाई बन गए हैं।

चेसबेस इंडिया के अनुसार विसाख ने अपने भाई को बधाई देते हुए कहा, ‘‘अपने भाई को ग्रैंडमास्टर बनते हुए देखना अच्छा लगता है। यह शायद नई ऊंचाइयों की ओर पहला कदम है। हम और सुधार करने एवं बेहतर खेलने पर ध्यान देंगे।’’ आवश्यक रेटिंग हासिल करने से पूर्व विग्नेश चार ग्रैंडमास्टर-मानदंड (अनुकूल परिणाम) हासिल कर चुके थे, जबकि अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के अनुसार एक खिलाड़ी को ग्रैंडमास्टर बनने के लिये 2500 रेटिंग पॉइंट और दो मानदंडों की जरुरत होती है।

उन्होंने 17 साल की उम्र में 2015 में कतर मास्टर्स में अपना पहला ग्रैंडमास्टर मानदंड अर्जित किया। डेढ़ साल बाद, उन्होंने 2017 में 24वें अबू धाबी मास्टर्स में अपना दूसरा मानदंड हासिल किया। विग्नेश ने अपना तीसरा मानदंड गुजरात जीएम ओपन 2018 में हासिल किया, जबकि एशियाई कॉन्टिनेंटल 2019 में वह चौथी बार मानदंड हासिल कर सके थे। दक्षिण रेलवे के कर्मचारी विग्नेश ने जर्मनी में जीत हासिल करने के बाद नोइज़िएल ओपन 2023 के लिये फ्रांस का रुख कर लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें