Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rudrankksh Patil ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक

February 21, 2023

Rudrankksh Patil ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक

काहिराः गत विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने मंगलवार को यहां आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप की पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर भारत का दबदबा बनाए रखा। भारत अब प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण सहित चार पदक जीत चुका है। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रुद्रांक्ष ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में जर्मनी के मैक्समिलियन उल्बरिच को 16-8 से हराया। रुद्रांक्ष रैकिंग दौर में भी 262.0 अंक के साथ शीर्ष पर रहे थे जबकि उल्बरिच ने 260.6 अंक जुटाए थे। इससे पहले रुद्रांक्ष ने क्वालीफिकेशन दौर में 629.3 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए रैंिकग दौर में जगह बनाई थी।

पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में हिस्सा ले रहे अन्य भारतीय निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार और हृदय हजारिका रैकिंग दौर में जगह बनाने से मामूली अंतर से चूक गए। भारतीय निशानेबाजों ने सोमवार को मिश्रित टीम एयर पिस्टल और राइफल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। आर नर्मदा नितिन और रुद्रांक्ष ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। रविवार को व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले वरूण तोमर ने इसके बाद रिदम सांगवान के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें