Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Yogi ने राजू पाल हत्याकांड पर जताया दुख, बोले-मिट्टी में मिला देंगे माफिया को

February 25, 2023

CM Yogi ने राजू पाल हत्याकांड पर जताया दुख, बोले-मिट्टी में मिला देंगे माफिया को

लखनऊ : प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड पर दुख व्यक्त करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार माफिया तत्वों को मिट्टी में मिला देगी। विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा से पहले योगी ने सदन को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में किसी भी माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा और उनकी सरकार माफिया को मिट्टी में मिला देगी। अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। प्रयागराज की घटना अफसोसजनक है मगर जिन लोगों ने इसे अंजाम दिया है, उसका परिणाम उन्हे जल्द मिल जायेगा। इसमें किसी को तनिक भी संदेह नहीं करना चाहिये।

प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा ‘‘आखिर ये अपराधी पाले किसके द्वारा गये हैं। जिस माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, क्या ये सच नहीं है कि सपा ने उसे सांसद बनाया था। आप सारे अपराधियों को पालेंगे, उनका माल्यार्पण करेंगे, उसके बाद तमाशा बनाते हैं आप लोग। उन्हें गले का हार बनाएंगे फिर दोषारोपण करेंगे।’’ माफिया अतीक अहमद का नाम लिए बगैर योगी ने कहा कि वह सपा के द्वारा पोषित माफिया है और उसकी कमर तोड़ने का काम हमारी सरकार ने किया है। इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे। जितने माफिया हैं उन्हें मिट्टी मिलाने का काम करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथ लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘आपको बहाना चाहिए था। ये पेशेवर माफिया और अपराधियों के सरपरस्त हैं और ये लगातार यही करते रहे हैं। इनके रग-रग में अपराध भरा रहा है। अपराध के अलावा कुछ सीखा नहीं है। पूरा प्रदेश इस बात को जानता है। आज सफाई देने आए हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस माफिया ने गुरुवार को ये कृत्य किया है वह माफिया इस वक्त यूपी से बाहर है। वह सपा के सहयोग से ही बार-बार एमपी और एमएलए बना है। 1996 में इलाहाबाद वेस्ट से वह माफिया सपा के सहयोग से एमएलए बना था। 2004 में वह इन्हीं लोगों के सहयोग से एमपी बना था। 2009 में उसे सांसद बनाने का भी काम इन्हीं लोगों ने किया था। ये लोग चोरी और सीनाजोरी का काम कर रहे हैं। माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम हमारी सरकार पूरी ताकत से करेगी। चोरी और सीनाजोरी नहीं चल सकता।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें