Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

बलूचिस्तान के रखनी बाजार में धमाके के कारण 4 की मौत, 14 अन्य घायल

February 26, 2023

बलूचिस्तान के रखनी बाजार में धमाके के कारण 4 की मौत, 14 अन्य घायल

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के बरखान के रखनी बाजार में रविवार सुबह हुए विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। डॉन की खबर के मुताबिक, बरखान के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अब्दुल हमीद ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि करते हुए कहा कि घायलों को रखनी अस्पताल ले जाया गया।

बरखान के उपायुक्त अब्दुल्ला खोसो के मुताबिक, धमाका मोटरसाइकिल में लगा इंप्रोवाइज्ड एक्स्प्लोसिव डिवाइस (आईईडी) फटने से हुआ। खोसो ने कहा कि पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच के लिए इलाके को घेर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे असत्यापित वीडियो में खून से लथपथ लोगों को ले जाते हुए दिखाया गया है। विस्फोट के कथित जगह पर भीड़ जमा हो गई है। डॉन की खबर के मुताबिक, सड़क पर क्षत-विक्षत मोटरसाइकिल और जले हुए सामान बिखरे हुए हैं। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

विस्फोट की यह घटना केपी और अफगानिस्तान की सीमा से लगे इलाकों में हमलों के बाद हुई है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल नवंबर में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के साथ बातचीत रुकने के बाद से आतंकवादी समूह ने अपने हमले तेज कर दिए हैं, जबकि बलूचिस्तान में विद्रोहियों ने भी अपनी हिंसक गतिविधियों को तेज कर दिया है और इसके साथ सांठगांठ को औपचारिक रूप दे दिया है। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी इसकी निंदा की और आतंकवादियों के पूर्ण सफाए के प्रयासों को तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “आतंकवादी बलूचिस्तान में शांति और प्रगति के दुश्मन हैं। आतंकवादी अपने नापाक मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें