Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूनान में ट्रेन और मालगाड़ी की भयानक टक्कर में 36 लोगों की मौत, सैकड़ों लोग घायल

March 1, 2023

यूनान में ट्रेन और मालगाड़ी की भयानक टक्कर में 36 लोगों की मौत, सैकड़ों लोग घायल

टेम्पे (यूनान): उत्तरी यूनान में मंगलवार देर रात एक यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी की टक्कर में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद देश के परिवहन मंत्री कोस्तास कारामानलिस ने इस्तीफा दे दिया। कारामानलिस ने कहा कि उन्हें लगता है कि ‘‘अनुचित तरीके से जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान के तौर पर’’ इस्तीफा देना उनका ‘‘दायित्व’’ है।

अधिकारियों ने बताया कि यात्री ट्रेन राजधानी एथेंस से थेसालोनिकी की तरफ जा रही थी और इसमें सैकड़ों यात्री सवार थे, जिनमें कई छात्र भी शामिल थे, जो छुट्टियों के बाद विश्वविद्यालय लौट रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, एथेंस से लगभग 380 किलोमीटर उत्तर में स्थित टेम्पे के पास हुई घटना की वजह का अभी पता नहीं चला है लेकिन नजदीकी शहर लारिसा के स्टेशन मास्टर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके नाम का खुलासा नहीं किया है। दो और लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मंगलवार आधी रात को जब इन दोनों ट्रेनों की आपस में भिडंत हुई तो ये किस गति से चल रही थी। हालांकि, सरकारी प्रसारणकर्ता ईआरटी ने बताया कि यह 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से चल रही थी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, ह्लवहां स्टील के टुकड़े बिखरे पड़े थे। दोनों ट्रेन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। घबराये यात्री डिब्बों से बाहर निकलते और रोते-बिलखते नजर आ रहे थे।ह्व यूनान के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस के बुधवार को घटनास्थल का दौरा करने के दौरान कहा कि सरकार घायलों के इलाज और मृतकों की पहचान में मदद करेगी।

मित्सोताकिस ने कहा, ‘‘मैं एक चीज की गारंटी दे सकता हूं : हम इस त्रसदी की वजहों का पता लगाएंगे और हम हरसंभव प्रयास करेंगे कि इस तरह की चीजें फिर कभी न हो।’’ यूनान की राष्ट्रपति कैटरीना साकेलारोपोउलू ने घटनास्थल का दौरा करने के लिए मोल्दोवा की आधिकारिक यात्र बीच में ही खत्म कर दी। सरकार ने बुधवार से तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है जबकि ब्रसेल्स में यूरोपीय आयोग की सभी इमारतों के बाहर ध्वज आधे झुकाए जाएंगे।

पोप फ्रांसिस ने यूनान बिशप कांफ्रेंस के अध्यक्ष को भेजे एक संदेश में मृतकों के परिवारों के प्रति शोक व्यक्त किया। ‘ग्रीक रेलरोड वर्कर्स यूनियन’ के अध्यक्ष यानिस नित्सस ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों में दोनों ट्रेन के चालकों सहित कुल आठ रेलकर्मी भी शामिल हैं। वहीं, यूनान के दमकल विभाग ने बताया कि लगभग 66 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और इनमें से छह की हालत गंभीर है और उन्हें सघन देखभाल इकाई में रखा गया है। विभाग के मुताबिक, बचाव अभियान जारी है और पुलिस ने हादसे के संबंध में दो रेल अधिकारियों से पूछताछ की है।

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें