Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Adani Group में 1.87 अरब डॉलर निवेश का शेयर बाजार ने किया झूमकर स्वागत

March 3, 2023

Adani Group में 1.87 अरब डॉलर निवेश का शेयर बाजार ने किया झूमकर स्वागत

मुंबई: अडानी समूह में जीक्यूजी पार्टनर्स के 1.87 अरब डॉलर के निवेश का शेयर बाजार ने आज झूमकर स्वागत किया, जिससे दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी डेढ़ फीसदी से अधिक की तेजी पर रहे। निवेश के बाद अडानी समूह की अलग-अलग सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया, जिससे उत्साहित निवेशकों की चौतरफा लिवाली की बदौलत बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 899.62 अंक अर्थात 1.53 प्रतिशत की छलांग लगाकर 59808.97 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 272.45 अंक यानी 1.57 प्रतिशत की तेजी लेकर 17594.35 अंक पर पहुंच गया।

इसके साथ ही अमेरिकी फेड रिजर्व के ब्याज दर में बढ़ोतरी को धीमा करने की उम्मीद में वैश्विक बाजार में भी तेजी रही, जिसका असर घरेलू शेयर बाजार पर देखा गया। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली हुई। इससे मिडकैप 0.58 प्रतिशत चढ़कर 24,595.89 अंक और स्मॉलकैप 0.68 प्रतिशत मजबूत होकर 27,846.40 अंक पर रहा। इस दौरान बीएसई में कुल 3639 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2182 लिवाली जबकि 1333 में बिकवाली हुई वहीं 124 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 42 कंपनियां तेजी जबकि सात गिरावट पर रहीं वहीं एक के भाव स्थिर रहे।

इस दौरान बीएसई के सभी 19 समूहों में तेजी का रुख रहा। बैंकिंग 2.13, कमोडिटीज 1.69, सीडी 0.48, ऊर्जा 1.26, एफएमसीजी 1.26, वित्तीय सेवाएं 1.76, हेल्थकेयर 0.11, इंडस्ट्रियल्स 0.76, आईटी 0.36, दूरसंचार 1.25, यूटिलिटीज 1.84, ऑटो 0.37, कैपिटल गुड्स 0.62, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.94, धातु 1.54, तेल एवं गैस 1.09, पावर 1.60, रियल्टी 1.39 और टेक समूह के शेयरों ने 0.81 प्रतिशत की उड़ान भरी। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों का रुझान सकारात्मक रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.18, जर्मनी का डैक्स 0.89, जापान का निक्केई 1.56, हांगकांग का हैंगसेंग 0.68 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.54 प्रतिशत चढ़ गया।

ये भी पढ़ें: सड़क पर उतरेंगी Mamata Banerjee, विधायकों की मौजूदगी पर रहेगी नजर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें