Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab में ऐतिहासिक रैली के साथ चुनाव अभियान का आगाज करेगी Imran Khan की पार्टी

March 7, 2023

Punjab में ऐतिहासिक रैली के साथ चुनाव अभियान का आगाज करेगी Imran Khan की पार्टी

लाहौरः पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने देश में पंजाब के आगामी प्रांतीय चुनावों के लिए बुधवार से औपचारिक रूप से चुनाव अभियान शुरू करने के वास्ते लाहौर में एक ‘ऐतिहासिक’ रैली के आयोजन की घोषणा की है। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित खबरों में यह जानकारी दी गई है। खबराें में पीटीआई नेता हम्माद अजहर के हवाले से कहा गया है कि इमरान एक बम रोधी एवं बुलेटप्रूफ वाहन में सवार होकर रैली में हिस्सा लेंगे। यह कदम पूर्व प्रधानमंत्री को जान का खतरा होने की बात को रेखांकित करता है।

खबराें में बताया गया है कि रैली क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान के, लाहौर के जमान पार्क स्थित आवास से शुरू होकर दाता दरबार में खत्म होगी। खबराें में अजहर के हवाले से कहा गया है, कि जब वह शेर (इमरान खान) बुधवार को जमान पार्क से निकलेगा, तो लाहौर में ऐतिहासिक नजारा दिखेगा। आने वाली पीढ़ियां इस घटना के बारे में पढ़ेंगी और इसकी तस्वीरें और वीडियो देखेंगी। वे इस बात को समझेंगी कि इसी तरह एक मुल्क में दोबारा जान आ जाती है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि पंजाब प्रांत में 30 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।

यह घोषणा, पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय असेंबली के चुनाव 90 दिनों की निर्धारित अवधि के भीतर कराने के शीर्ष अदालत के फैसले के दो दिन बाद की गई थी। पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय असेंबली को क्रमश: 14 जनवरी और 18 जनवरी को भंग कर दिया गया था। पाकिस्तानी कानून के तहत, किसी प्रांतीय असेंबली के चुनाव उसे भंग किए जाने के 90 दिनों के भीतर कराए जाने चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें