Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली रेल लाइन इस साल पूरी हो जाएगी : वैष्णव

March 25, 2023

कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली रेल लाइन इस साल पूरी हो जाएगी : वैष्णव

श्रीनगर: कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली रेल लाइन इस साल पूरी हो जाएगी और केंद्रशासित प्रदेश में अगले साल विशेष ‘वंदे •ाारत’ ट्रेन चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को यह जानकारी दी। रेल मंत्री ने यहां नौगाम स्टेशन पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू को श्रीनगर से जोड़ने वाली उधमपुर-बनिहाल लाइन इस साल दिसंबर या अगले साल की शुरुआत तक पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जम्मू कश्मीर में उधमपुर-बारामूला रेल लाइन का काम पूरा हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन पर अच्छी प्रगति हुई है। चिनाब और अंजी पुलों और प्रमुख सुरंगों के निर्माण के लिए भी काम चल रहा है और अच्छी प्रगति हो रही है। इस साल दिसंबर या अगले साल जनवरी-फरवरी में इस मार्ग पर ट्रेन चलने लगेगी।’’ उन्होंने कहा कि इस लाइन के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई ‘वंदे भारत’ ट्रेन तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘इस विशेष ट्रेन के निर्माण के क्रम में तापमान, बर्फ जैसी हर चीज को ध्यान में रखा गया है।’’ रेल मंत्री ने कहा कि तीन क्षेत्रों- सोपोर-कुपवाड़ा, अवंतीपुरा-शोपियां और बिजबेहरा-पहलगाम को भी रेल लाइन से जोड़ने की मांग हुई है और रेलवे इस पर विचार करेगा।

उन्होंने कहा, “हम जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल, फिर केंद्रीय गृह मंत्री (अमित शाह) और प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) के साथ इस संबंध में चर्चा करेंगे।” वैष्णव के पास संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का भी जिम्मा है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के हर गांव और शहर में दूरसंचार सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लिए लगभग 500 नए मोबाइल टावर को मंजूरी दी गई है और जल्द ही वहां अच्छी 4जी/5जी सुविधा होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें