Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP : दो ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर, 3 लोगों की मौत

March 31, 2023

UP : दो ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर, 3 लोगों की मौत

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ थाना क्षेत्र में गंगा नदी पर बने पुल पर शुक्रवार सुबह दो ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में एक ट्रक पुल के नीचे जा गिरा। पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) अभिषेक भारती ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे फाफामऊ पुल पर 10 चक्के वाला एक ट्रक प्रयागराज से फाफामऊ की तरफ जा रहा था, जबकि एक डीसीएम ट्रक फाफामऊ से प्रयागराज की तरफ आ रहा था।

भारती ने कहा कि दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में डीसीएम ट्रक पुल के नीचे जा गिरा, जबकि दूसरा ट्रक पुल की रेलिंग में फंस गया। उन्होंने बताया कि डीसीएम ट्रक में दो लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। भारती के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल सवार भी इस हादसे की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि पुल से नीचे गिरे ट्रक में सवार हिमांशु साहू (23 वर्ष) और अंश साहू (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रेलिंग में फंसे ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की जान चली गई।

भारती के अनुसार, हादसे में मारे गए मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की पहचान बजरंग बहादुर सिंह (50 वर्ष) के रूप में की गई है, जो मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। भारती ने बताया कि पुल की रेलिंग में फंसे ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक के चालक व खलासी की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें