Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बारामूला में लश्कर के दो आतंकवादी गिरफ्तार

April 11, 2023

बारामूला में लश्कर के दो आतंकवादी गिरफ्तार

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये आतंकवादियों के खुलासे पर हथियार और गोला बारुद भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर बारामूला पुलिस, सेना 29 राष्ट्रीय रायफल (आरआर) और सशस्त्र सीमा बल की दूसरी बटालियन के संयुक्त बलों ने पट्टन इलाके में इस आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।

उन्होंने बताया कि लश्कर के गिरफ्तार आतंकवादियों की पहचान पार मोहल्ला पट्टन निवासी फारुक अहमद पारा और चिंकीपोरा, सोपोर निवासी सायमा बशीर के रुप में की गयी है। आतंकवादियों के पास से एक पिस्तौल, पिस्तौल की दो मैगजीन, पिस्तौल के पांच राउंड, पांच आईईडी और करीब दो किलोग्राम का एक रिमोट कंट्रोल चालित शक्तिशाली विस्फोटक बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार किये गये आतंकवादियों ने खुलासा किया कि वे दोनों वूसन पट्टन के एक सक्रिय लश्कर आतंकवादी आबिद कयूम लोन के सहयोगियों के रुप में काम कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें