Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

चेन्नई के गढ चेपॉक पर जायसवाल और बटलर की होगी परीक्षा

April 11, 2023

चेन्नई के गढ चेपॉक पर जायसवाल और बटलर की होगी परीक्षा

चेन्नई: शानदार फॉर्म में चल रहे राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से उसके गढ चेपॉक स्टेडियम पर होगा जिसमें उसके धुरंधर स्पिनरों से निपटने की चुनौती आसान नहीं होगी । इंग्लैंड के सफेद गेंद के कप्तान बटलर और भारत के युवा बल्लेबाज जायसवाल दो दो अर्धशतक जमा चुके हैं । बटलर का स्ट्राइक रेट 180.95 और जायसवाल का 164.47 रहा है ।

रॉयल्स ने अभी तक तीन में से दो मैच गुवाहाटी में खेले जहां उन्हें सपाट पिच मिली । हैदराबाद की पिच भी बल्लेबाजों की मददगार थी। अब चेन्नई में पिच धीमे गेंदबाजों की मददगार होगी। ऐसे में टॉस की भूमिका अहम होगी क्योंकि इस पिच पर 170 या 175 रन के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा । खास तौर पर जब सामने मोईन अली, रविंद्र जडेजा और मिशेल सेंटनेर जैसे गेंदबाज हों। तीनों अभी तक तीन मैचों में 11 विकेट ले चुके हैं और उनका इकॉनामी रेट बहुत शानदार रहा है।

मोईन ने दो मैचों में 6.50 की औसत से गेंदबाजी की जबकि जडेजा और सेंटनेर ने भी प्रति ओवर सात से कम रन दिये हैं । मोईन खाद्य संक्रमण के कारण पिछला मैच नहीं खेल सके थे लेकिन अब वह सिसांडा मगाला की जगह खेलेंगे । वहीं बेन स्टोक्स के फिट नहीं होने पर उनकी जगह ड्वेन प्रिटोरियस लेंगे।रॉयल्स के स्पिनरों को भी हलके में नहीं लिया जा सकता । चतुर गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन का यह घरेलू मैदान है और युजवेंद्र चहल भी मैच विनर गेंदबाज हैं। तमिलनाडु के मुरूगन अश्विन भी टीम में हैं।

चेन्नई को दीपक चाहर की कमी खलेगी जो हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं । देखना यह है कि धोनी अब राजवर्धन हंगरगेकर और सिमरजीत सिंह में से किसे चुनते हैं। बल्लेबाजी में अनुभवी अंिजक्य रहाणे ने चेन्नई के लिये पदार्पण करते हुए अपनी उपयोगिता साबित कर दी। रूतुराज गायकवाड़ शीर्षक्रम पर लगातार अच्छा खेल रहे हैं । दोनों टीमों के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम है जिससे कल का मुकाबला रोचक रहने की उम्मीद है। रॉयल्स के पास कप्तान संजू सैमसन और शिमरोन हेटमायेर जैसे आला बल्लेबाज हैं। वहीं गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट और जैसन होल्डर के पास अनुभव है।

टीमें: चेन्नई सुपरं किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), डेवोन कॉनवे, रुतुराज गायकवाड़, अंबाती रायुडु, मोईन अली, बेन स्टोक्स, रविंद्र जडेजा, अंजिक्य रहाणे, सिसंडा मगाला, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, ड्वेन प्रिटोरियस, अहय मंडल, निशांत सिंधु, राजवर्धन हैंगरगेकर, मिशेल सेंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, सिमरजीत सिंह, मथिसा पथिराना, महीश तीक्षणा, भगत वर्मा, प्रशांत सोलंकी, शेख रशीद, तुषार देशपांडे।

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान), अब्दुल बासित, मुरूगन अश्विन, रविचंद्रन अश्विन, के एम आसिफ, ट्रेंट बोल्ट, जोस बटलर, केसी करियप्पा, युजवेंद्र चहल, डी फरेरा, शिमरोन हेटमायेर, जैसन होल्डर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, ओबेद मैकॉय, देवदत्त पड्डिकल, रियान पराग, कुणाल सिंह राठौड़, जो रूट, नवदीप सैनी, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, आकाश वशिष्ठ, कुलदीप यादव, एडम जाम्पा। मैच का समय : शाम 7.30 से ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें