Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और हिमपात के आसार

April 17, 2023

कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और हिमपात के आसार

श्रीनगर: कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई जबकि मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर अधिक बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने तथा ऊपरी इलाकों में हिमपात के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान हैं, जबकि 17 अप्रैल को रात के दौरान हल्की से मध्यम बारिश या ऊपरी इलाकों में हिमपात होने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के भी अनुमान हैं, जबकि 19 से 21 अप्रैल के दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

विभाग ने बताया कि 17-18 अप्रैल के दौरान खास तौर पर पहाड़ी और हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में सड़क परिवहन के अस्थायी व्यवधान के आसार हैं और बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। इसके अलावा बागों को भी नुकसान हो सकता है और इस दौरान दिन का तापमान 5-6 डिग्री गिर सकता है। श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में आज सुबह बारिश हुई है जिससे तापमान में भी काफी गिरावट आई। अधिकांश स्थानों पर सामान्य रुप से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान आज 08:30 बजे तक श्रीनगर में 3.9 मिमी, काजीगुंड में 0.8 मिमी बारिश, पहलगाम में 3.5 मिमी, कुपवाड़ा में 5.4 मिमी, कोकरनाग में छिटपुट और गुलमर्ग में 10.8 मिमी बारिश हुई।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान पिछली रात के 10.9 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और इस दौरान जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी के लिए यह सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। श्रीनगर में 21.1 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जबकि पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कोकरनाग में 8.2 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में 8.7 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें