Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हर हर महादेव के जयकारों के साथ आज खोले गए केदारनाथ धाम के कपाट

April 25, 2023

हर हर महादेव के जयकारों के साथ आज खोले गए केदारनाथ धाम के कपाट

केदारनाथ: चारधाम यात्रा 2023 के लिए मंगलवार को 11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। मंगलवार सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार व परंपरा अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट खोले गये। इस दौरान आर्मी बैंड की धुनों के साथ केदारधाम में हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। सर्द मौसम के बीच मंगलवार सुबह 5 बजे से ही केदारधाम में कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी।

गहमागहमी के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। बाबा केदार की पंचमुखी भोग मूर्ति चल उत्सव विग्रह डोली में विराजमान होकर रावल निवास से मंदिर परिसर पहुंची। इसके बाद हर हर महादेव के जयकारे लगे। रावल ने यहां भक्तों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद रावल, बदरी केदार मंदिर समिति के अधिकारियों, पदाधिकारियों और प्रशासन की मौजूदगी में विधि विधान से बाबा केदारनाथ के कपाट खोल दिये गये। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। केदारनाथ कपाट खुलने के बाद धाम में मौजूद श्रद्धालु काफी उत्साहित नजर आये।

सभी ने बाबा केदार से आशीर्वाद मांगा। कपाट खुलने से पहले केदारनाथ धाम को 23 क्विंटल फूलों से सजाया गया। आपको बता दें इस साल केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मौसम की दुश्वारियों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। केदारनाथ धाम में अभी भी बर्फबारी हो रही है। इसके कारण यहां मुश्किलें बढ़ रही है। मौसम विभाग ने भी आने वाले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की।

इसके बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। केदारनाथ में श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल रिलीफ पोस्ट तैयार की गई है। यात्रा मार्गों पर 130 डॉक्टरों की तैनाती है। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाओं भी भी उचित प्रबंध किया गया है। हेल्थ एटीएम भी यात्रियों के लिए लगाए गए हैं। फिलहाल बारिश और बर्फबारी के कारण केदारनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन बंद हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें