Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

अटल पीठाधीश्वर आचार्य और पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा से कश्मीर में संस्कृत गुरु कुल की स्थापना का आग्रह

April 26, 2023

अटल पीठाधीश्वर आचार्य और पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा से कश्मीर में संस्कृत गुरु कुल की स्थापना का आग्रह

जम्मू: श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट (पंजीकृत) के प्रधान ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने श्रीनगर में अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मा नंद सरस्वती महाराज एवं पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा से भेंट कर कश्मीर में सुविधा संपन्न संस्कृत गुरु कुल स्थापित करने का आग्रह किया। शास्त्री ने कहा कि वर्तमान में जम्मू कश्मीर में संस्कृत गुरु कुलों की कमी के कारण संस्कृत पढ़ने के इच्छुक विद्यार्थी चिंतित हैं। शास्त्री ने अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मा नंद सरस्वती महाराज से आग्रह किया कि यदि आप जम्मू कश्मीर में संस्कृत गुरु कुल की स्थापना करें तो प्रदेश में विलुप्त हुए संस्कृत धर्मदर्शन की पुनर्प्रतिष्ठा संभव है।

रोहित शास्त्री ने कहा कि इस विषय पर सकारात्मक परिणाम के लिए राज्य में संस्कृत भाषा के विकास के लिए जिम्मेदार कारकों पर चर्चा करने की आवश्कता है। जम्मू कश्मीर मंदिरों के शहर के नाम से विश्व भर में प्रसिद्ध है, लेकिन संस्कृत छात्रों को सुविधाओं और पर्याप्त अवसरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा ने कहा कि जम्मू कश्मीर की भूमि शैव दर्शन का सनातन केंद्र रही है। इसी पावन भूमि पर प्रत्यभिज्ञादर्शन के संस्थापक आचार्य अभिनवगुप्त, महाकवि कल्हण, महाकवि विल्हण और अनेक प्राचीन संस्कृत मनीषियों का उद्भव हुआ है।

जिन आचार्यों ने अपने कर्मरूपी तप से न केवल भारतवर्ष को बल्किसंपूर्ण विश्व को एकता के सूत्र में पिरोने का मार्ग प्रशस्त किया था,वहीं पुण्यसलिला जम्मू-कश्मीर वसुंधरा आज संस्कृत से विलुप्त होती जा रही है। महंत रोहित शास्त्री का अच्छा सुझाव है इस पर स्वामी जी के साथ मिलकर काम किया जाएगा। इस मौके पर रोहित शास्त्री ने अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मा नंद सरस्वती महाराज को धर्मस्थली पुस्तक भेंट की। अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मा नंद सरस्वती महाराज दो दिन के दौरे पर कश्मीर आए हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें