Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरात के खिलाफ करो या मरो मैच में मध्यक्रम की गुत्थी सुलझानी होगी दिल्ली को

May 1, 2023

गुजरात के खिलाफ करो या मरो मैच में मध्यक्रम की गुत्थी सुलझानी होगी दिल्ली को

अहमदाबाद: भारतीय बल्लेबाजों और मध्यक्रम के निराशाजनक प्रदर्शन से आहत दिल्ली कैपिटल्स को अगर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी उम्मीदों को बरकरार रखना है तो उसे मंगलवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मैच में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।अक्षर पटेल को छोड़कर दिल्ली की तरफ से खेल रहा भारत का कोई भी बल्लेबाज अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। पृथ्वी साव और सरफराज खान की लगातार नाकामी के कारण दिल्ली आठ मैचों में छह हार से अब करो या मरो की स्थिति में पहुंच गया है।

दिल्ली को अब प्ले आॅफ में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए अपने बाकी बचे सभी छह मैचों में जीत दर्ज करनी होगी लेकिन उसके खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए यह मुश्किल लगता है। पृथ्वी की असफलता के कारण फिल सॉल्ट को कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिला। पिछले मैच में उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाए और टीम उनसे तथा वॉर्नर और नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले मिशेल मार्श से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। मार्श ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में अपने आॅलराउंड खेल का अच्छा प्रदर्शन किया था।

दिल्ली ने बीच के ओवरों में काफी विकेट गवाएं हैं और उसे इस पर गौर करने की जरूरत है। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे अक्षर पटेल को अंतिम ओवरों के लिए बचाए रखना समझा जा सकता है लेकिन पिछले 12 महीनों में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए वॉर्नर उन्हें कम से कम पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेज सकते हैं। भारतीय बल्लेबाजों की नाकामी के कारण प्रियम गर्ग को मौका मिला और अगर वह इसका फायदा नहीं उठा पा रहे हैं तो इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार हैं। अनुभवी मनीष पांडे को भी चौथे नंबर पर बेहतर प्रदर्शन करना होगा। दिल्ली की टीम में शामिल भारतीय गेंदबाज अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन मुकेश कुमार को निश्चित तौर पर अपने इकोनामी रेट में सुधार करना होगा। अनुभवी इशांत शर्मा ने अभी तक जो तीन मैच खेले हैं उनमें अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि एनरिक नोर्किया आगामी मैचों में विकेट लेने के लिए आतुर होंगे।

दिल्ली का सामना अब उस गुजरात टाइटंस से है जो किसी भी स्थिति में जीत दर्ज करने में माहिर है। उसने अपने पिछले तीनों मैच जीते हैं। गुजरात ने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 13 गेंद शेष रहते हुए पराजित किया था।इस मैच में विजय शंकर ने डेविड मिलर के साथ मिलकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक पारी खेली थी। गुजरात की यह आठ मैचों में छठी जीत थी। मौजूदा चैंपियन टीम को हराना इस बार किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहा है।बायें हाथ के तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल अब अच्छा प्रदर्शन करने लग गए हैं जबकि स्पिन विभाग में अफगानिस्तान के राशिद खान और नूर अहमद बहुत अच्छी भूमिका निभा रहे हैं।

टीम इस प्रकार हैं:दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वार्नर (कप्तान), पृथ्वी साव, सरफराज खान, अमन हकीम खान, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, खलील अहमद, कुलदीप यादव, रोवमैन पॉवेल, रिले रोसौव, एनरिक नोर्किया, मुस्तफिजुर रहमान, चेतन सकारिया, मुकेश कुमार, फिल सॉल्ट, लुंगी एनगिडी, प्रवीण दुबे, ललित यादव, रिपल पटेल, विक्की ओस्तवाल, ईशांत शर्मा, मनीष पांडे, कमलेश नागरकोटी और यश ढुल।

गुजरात टाइटन्स: हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, साईं सुदर्शन, रिद्धिमान साहा, मैथ्यू वेड, राशिद खान, राहुल तेवतिया, विजय शंकर, मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ, यश दयाल, प्रदीप सांगवान, दर्शन नलकंडे , जयंत यादव, आर. साई किशोर, नूर अहमद, दासुन शनाका, ओडियन स्मिथ, केएस भरत, शिवम मावी, उर्विल पटेल, जोशुआ लिटिल और मोहित शर्मा।मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें