Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

रांची जमीन घोटाला : ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में IAS छवि रंजन को किया गिरफ्तार

May 5, 2023

रांची जमीन घोटाला : ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में IAS छवि रंजन को किया गिरफ्तार

रांचीः ईडी ने रांची के जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के आईएएस अधिकारी छवि रंजन को लगभग 10 घंटे की पूछताछ के बाद गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। छवि रंजन फिलहाल समाज कल्याण विभाग के निदेशक हैं। छवि रंजन कुछ महीने पहले तक रांची के डिप्टी कमिश्नर के तौर पर पदस्थ थे। ईडी को रंजन के कार्यकाल में सेना की लगभग साढ़े चार एकड़ जमीन के अलावा कई अन्य भू-खंडों की खरीद-बिक्री फर्जी दस्तावेजों के आधार होने की शिकायतें मिली थीं। इस मामले में ईडी सात लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुका है। पहले गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के बाद पूरे घोटाले में छवि रंजन की संलिप्तता सामने आई है।

बताया जा रहा है कि जमीन घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई पूछताछ में छवि रंजन संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उनसे बीते 24 अप्रैल को भी लगभग 8 घंटे तक ईडी के रांची स्थित जोनल कार्यालय में पूछताछ की गई थी। बीते 13 अप्रैल को ईडी की टीमों ने आईएएस छवि रंजन सहित 18 लोगों के झारखंड, बिहार, बंगाल स्थित 21 ठिकानो पर छापामारी की थी। ईडी ने छापामारी के दौरान छवि रंजन से पूछताछ भी की थी। इस दौरान जमीन-जायदाद के सैकड़ों डीड, कागजात, हेराफेरी के लिए तैयार किए गए फर्जी दस्तावेज, सील-मुहर, अंचल कार्यालय के सरकारी रजिस्टर आदि बरामद किए गए थे। इसी दौरान सात लोग गिरफ्तार किए गए थे।

गिरफ्तार किए गए लोगों ने ईडी से पूछताछ में बताया है कि जमीन की गलत तरीके से खरीद-बिक्री के लिए रजिस्ट्री और अंचल ऑफिस के दस्तावेजों में हेर-फेर की गई थी। इस बात का भी खुलासा हुआ कि सेना की जिस साढ़े चार एकड़ जमीन की अवैध तरीके से बिक्री की गई है, उसकी रजिस्ट्री डीसी छवि रंजन के आदेश पर की गई थी। ईडी ने छापेमारी के दौरान आईएएस छवि रंजन से उनका मोबाइल लेकर जांच की थी। इसमें पाया गया कि उन्होंने जमीन हेराफेरी से जुड़े मामले में ईडी की संभावित कार्रवाई और पूछे जाने वाले सवालों के जवाब तैयार कर रखे थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें