Samtel Avionics ने उत्तरी अमेरिका में व्यापार बढ़ाने के लिए GEM डिफेंस सॉल्यूशंस को किया नियुक्त
July 29, 2023
नई दिल्ली: उच्च प्रौद्योगिकी सैन्य प्रणालियों और उत्पादों का विनिर्माण करने वाली भारतीय कंपनी सैमटेल एवियोनिक्स ने उत्तरी अमेरिका में व्यापार बढ़ाने और विपणन के लिए जीईएम डिफेंस सॉल्यूशंस को नियुक्त किया है। सैमटेल एवियोनिक्स पांच दशक पुराने सैमटेल समूह का हिस्सा है। रक्षा, एवियोनिक्स (विमान में लगने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण), रेलवे और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में इसकी मौजूदगी है।
ग्रेटर नोएडा की एमएसएमई की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जीईएम डिफेंस सॉल्यूशंस एलएलसी के अध्यक्ष ग्रेडन मायहरे विभिन्न व्यावसायिक विकास तथा विपणन गतिविधियों में अमेरिका और कनाडा में सैमटेल एवियोनिक्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘इस कदम से मौजूदा व संभावित ग्राहकों के साथ घनिष्ठ संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी।
साथ ही सैमटेल एवियोनिक्स को इस क्षेत्र में व्यावसायिक विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा। विज्ञप्ति के अनुसार, अमेरिकी रक्षा बाजार के वर्ष 2023 के 625.59 अरब डॉलर से बढक़र वर्ष 2031 तक 646.83 अरब डॉलर होने की उम्मीद है। सैमटेल एवियोनिक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुनीत कौरा ने कहा कि अमेरिकी रक्षा क्षेत्र में अग्रणी कंपनियों के साथ काम करने का ग्रेडन मायहरे का अनुभव अपने ग्राहकों को असाधारण सेवा प्रदान करने में मदद करेगा।