Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

शतक से चूके रूट, इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें एशेज़ टेस्ट के तीसरे दिन 389/9 के स्कोर तक पहुंचा

July 29, 2023

शतक से चूके रूट, इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें एशेज़ टेस्ट के तीसरे दिन 389/9 के स्कोर तक पहुंचा

लंदन: अनुभवी बल्लेबाज जो रूट (91) भले ही 31वीं बार टेस्ट शतक जड़ने से चूक गये, लेकिन उनके जुझारू अर्धशतक ने इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें एशेज़ टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को 389/9 के स्कोर तक पहुंचा दिया।रूट के अलावा ज़ैक क्रॉली (73) और जॉनी बेयरस्टो (78) ने भी अर्धशतक जड़े, जिसके दम पर इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 377 रन की बढ़त बना ली है। स्टुअर्ट ब्रॉड (दो) और जेम्स एंडरसन (आठ) क्रीज़ पर मौजूद हैं और ऑस्ट्रेलिया को चौथे दिन की सुबह लक्ष्य का पीछा करने से पहले इनमें से एक बल्लेबाज को आउट करना होगा।

एशेज़ 2023 में सर्वाधिक 480 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ क्रॉली ने दिन की शुरुआत चौका लगाकर की और पहले विकेट के लिये बेन डकेट (42) के साथ 79 रन जोड़े। डकेट का विकेट गिरने के बाद क्रॉली ने कप्तान बेन स्टोक्स के साथ भी 61 रन जोड़े, हालांकि वह पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 500 का आंकड़ा छूने से 20 रन पहले आउट हो गये। क्रॉली ने 76 गेंद पर 73 रन की पारी खेली, जिसमें नौ चौके शामिल रहे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये रूट शुरू से ही गेंदबाजों पर हावी रहे और उन्होंने मात्र 42 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। स्टोक्स (42) और हैरी ब्रूक (सात) के विकेट तेजी से गिरे, लेकिन रूट ने जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर इंग्लैंड की बढ़त 300 के पार पहुंचाई।

रूट और बेयरस्टो ने पांचवें विकेट के लिये 110 रन जोड़े, हालांकि दोनों ही बल्लेबाज अपने-अपने शतक पूरे नहीं कर सके। रूट ने जहां 106 गेंद पर 11 चौकों और एक छक्के के साथ 91 रन बनाये, वहीं बेयरस्टो ने 103 गेंद पर 11 चौकों की सहायता से 78 रन की पारी खेली। दूसरी पारी में चोट के कारण गेंदबाजी न कर सके मोईन अली ने इंग्लैंड के स्कोर में 29 रन का योगदान दिया। मिचेल स्टार्क (94/4) ने बेयरस्टो, मोईन और क्रिस वोक्स को पवेलियन लौटाकर इंग्लैंड को ऑलआउट होने की कगार पर ला खड़ा किया। टॉड मर्फी की गेंद पर मार्क वुड का विकेट गिरने के बाद लगा कि इंग्लैंड ऑलआउट हो जायेगी, लेकिन एंडरसन 14 गेंदें खेलकर अविजित पवेलियन लौटे। उन्होंने स्टंप्स से पहले टॉड मर्फी को दो चौके लगाकर केनिंगटन ओवल में बैठे दर्शकों का मनोरंजन भी किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें