Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हॉकी 5एस विश्व कप: एशियाई क्वालीफायर के लिए भारतीय पुरुष, महिला टीम घोषित

August 17, 2023

हॉकी 5एस विश्व कप: एशियाई क्वालीफायर के लिए भारतीय पुरुष, महिला टीम घोषित

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने 5एस विश्व कप के लिए ओमान में 25 अगस्त से होने वाले एशियाई क्वालीफायर के लिए पुरुष और महिला टीमों की घोषणा बुधवार को की। महिलाओं के क्वालीफायर 25 अगस्त से 28 अगस्त तक जबकि पुरुषों के क्वालीफायर 29 अगस्त से दो सितंबर के बीच आयोजित होंगे। भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी मनदीप मोर कटेंगे जबकि मोहम्मद राहील मौदीन के ऊपर उपकप्तानी की जिम्मेदारी होगी। टीम में गोलकीपर सूरज करकेरा शामिल हैं, जबकि जुगराज सिंह, डिप्सन टिर्की, मंजीत और मनदीप मोर रक्षा पंक्ति में होंगे। मिडफील्ड क्षेत्र को मनिंदर सिंह और राहिल संभालेंगे। पवन राजभर और गुरजोत सिंह पर फॉरवर्ड पंक्ति की जिम्मेदारी होगी।

इसके अतिरिक्त, प्रशांत कुमार चौहान, सुखविंदर, आदित्य सिंह और अरुण साहनी को अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में चुना गया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच जनार्दन सीबी ने टूर्नामेंट से पहले कहा, ‘‘हमारी टीम अच्छी तरह से संतुलित है और हमारी टीम में काफी प्रतिभाएं हैं जो हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने और जमकर प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित और दृढ़ हैं। हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफिकेशन दांव पर होने के कारण टीम अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है।‘’ इस बीच, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी नवजोत कौर करेंगी और ज्योति उपकप्तान होंगी।

टीम में गोलकीपर बंसारी सोलंकी शामिल हैं। डिफेंस में अक्षता अबासो ढेकाले, महिमा चौधरी और सोनिया देवी क्षेत्रीमयूम होंगी। कप्तान नवजोत और अजमीना कुजूर मिडफील्ड क्षेत्र संभालेंगी, जबकि मारियाना कुजूर, ज्योति और दीपी मोनिका टोप्पो फॉरवर्ड पंक्ति में खेलेंगी।कुरमापु रम्या, निशि यादव, प्रियंका यादव और रितन्या साहू को अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में चुना गया है।भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच सौंदर्या येंडाला ने टूर्नामेंट से पहले कहा,‘‘मैं इस रोमांचक टूर्नामेंट का इंतजार कर रही हूं। खिलाड़ी तैयार हैं। हमने अपना प्रशिक्षण सत्र पूरा कर लिया है और हम आश्वस्त महसूस कर रहे हैं। हमारे पास काफी अनुभव के साथ-साथ युवा खिलाड़ी भी हैं और मुझे लगता है कि टूर्नामेंट इस संयोजन से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें