Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

नई फिल्म नीति के बाद जम्मू-कश्मीर में 300 से ज्यादा फिल्मों व धारावाहिकों की हुई शूटिंग

August 18, 2023

नई फिल्म नीति के बाद जम्मू-कश्मीर में 300 से ज्यादा फिल्मों व धारावाहिकों की हुई शूटिंग

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि प्रशासन द्वारा नई फिल्म नीति शुरू करने के बाद यहां 300 से अधिक फिल्मों और धारावाहिकों की शूटिंग हुई है। आगामी टीवी धारावाहिक “पश्मीना” के पहले दिन की शूटिंग का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश फिल्मों की शूटिंग के लिए पसंदीदा स्थल के रूप में फिर से उभर रहा है।

सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा, “दो साल पहले, सभी हितधारकों के साथ चर्चा के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा एक नई फिल्म नीति शुरू की गई थी। अब, हम देख रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर फिल्मों एवं धारावाहिकों की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा स्थल के रूप में फिर से उभर रहा है।” उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में फिल्म संबंधी गतिविधियों से यहां के युवाओं के लिये रोजगार के अधिक अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वह युग लौट रहा है जब 80 के दशक तक हॉलीवुड या बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग यहां होती थी। यहां 300 से अधिक फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। आज, ‘सब टीवी’ ने यहां से धारावाहिक ‘पश्मीना’ की शूटिंग शुरू की है और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।” सिन्हा ने कहा, “मुझे लगता है कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और अर्थव्यवस्था में सुधार होगा।” सब टीवी पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक ‘पश्मीना’ का निर्देशन सिद्धार्थ मल्होत्रा ने किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें