Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने पुरुष और महिला टीम स्पर्धा में जीते स्वर्ण पदक

August 19, 2023

भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने पुरुष और महिला टीम स्पर्धा में जीते स्वर्ण पदक

 

 

पेरिस: भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए विश्वकप के चौथे चरण में शनिवार को यहां पुरुष और महिला टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। अभिषेक वर्मा, ओजस देवतले और प्रथमेश जावकर की चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने क्रिस शेफ़, जेम्स लुत्ज़ और सॉयर सुलिवन की दूसरी वरीयता प्राप्त अमेरिकी टीम को 236-232 से हराया।

इस महीने के शुरू में र्बिलन में विश्व चैंपियन बनने वाली ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर की कंपाउंड महिला टीम ने मैक्सिको के खिलाफ कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद एक अंक से जीत दर्ज की। भारत ने इस तरह से सत्र के आखिरी विश्वकप में अभी तक दो स्वर्ण और इतने ही कांस्य पदक जीत लिए हैं। ज्योति व्यक्तिगत वर्ग में भी पदक की दौड़ में शामिल है।

भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम पहले दौर के बाद एक अंक से पीछे चल रही थी क्योंकि अमेरिकी टीम में 60 अंक का परफेक्ट स्कोर बनाया था। भारतीय टीम ने हालांकि निरंतरता बनाए रखी और अगले दौर में भी 59 का स्कोर बनाया। दूसरे दौर में अमेरिकी टीम ने दो अंक गंवाए जिससे स्कोर 118-118 से बराबर हो गया।

तीसरे दौर में भी दोनों टीमें बराबरी पर रही लेकिन भारतीय टीम ने चौथे दौर में परफेक्ट 60 का स्कोर बनाया और अपने से अधिक रैंंिकग की अमेरिकी टीम को चार अंकों से हराया। भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को हराया था। दोनों टीम नियमित दौर और टाईब्रेकर के बाद भी बराबरी पर चल रही थी लेकिन भारतीय टीम को केंद्र के अधिक करीब निशाने लगाने के कारण विजयी घोषित किया गया।

क्वालिफिकेशन में चोटी पर रहने के कारण शीर्ष वरीयता हासिल करने वाली भारतीय महिला टीम दूसरे दौर के बाद 118-117 से आगे चल रही थी। तीसरे दौर में उसने तीन अंक गंवाए जबकि मैक्सिको की एंड्रिया बेसेरा, एना हर्नांडेज़ जियोन और डेफने क्विटरो ने 59 का स्कोर बनाकर 176-175 की बढ़त ले ली। भारतीय टीम ने हालांकि धैर्य बनाए रखा और अंतिम दौर में 59 का स्कोर बनाकर 234-233 से स्वर्ण पदक जीता।

भारत ने इससे पहले रिकर्व टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीते। धीरज बोम्मदेवरा, अतनु दास और तुषार प्रभाकर शेल्के की रिकर्व पुरुष टीम ने शुरू में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके स्पेन के पाब्लो आचा, युन सांचेज़ और एंड्रेस टेमिनो को हराकर कांसे का तमगा हासिल किया। इसके बाद भजन कौर, अंकिता भकत और सिमरनजीत कौर की रिकर्व महिला टीम ने शूटआॅफ में मैक्सिको की एलेजांद्रा वालेंसिया, एंजेला रुइज़ और ऐडा रोमन को हराकर कांस्य पदक जीता।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें