Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाढ़ से हिमाचल में हुआ भारी नुकसान, JP Nadda ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन

August 20, 2023

बाढ़ से हिमाचल में हुआ भारी नुकसान, JP Nadda ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन

शिमला : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि केंद्र बारिश से प्रभावित हिमाचल प्रदेश की गंभीर स्थिति से चिंतित है और इस आपदा के कारण विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल के साथ नड्डा राज्य के दौरे पर हैं।

सिरमौर के पोंटा साहिब से राज्य के बाढ़ और बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा शुरू करने वाले भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं मानव जीवन की हानि और नुकसान को देखकर दुखी हूं तथा विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन देता हूं।’’ नड्डा ने एक ऐसे परिवार से मुलाकात की, जिसने 10 अगस्त को अचानक आई बाढ़ में अपने पांच सदस्यों को खो दिया था।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है और केंद्र सरकार स्थिति को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। प्रशासन द्वारा राहत प्रदान किए जाने और पुनर्वास कार्य शुरू करने के प्रयास जारी हैं। केंद्रीय मदद मिलती रहेगी और सभी विस्थापित लोगों का पुनर्वास किया जाएगा।’’ बाद में नड्डा ने समर हिल में शिव मंदिर क्षेत्र का दौरा किया जो 14 अगस्त को भारी भूस्खलन के बाद क्षतिग्रस्त हो गया था। भाजपा अध्यक्ष ने कृष्णानगर का भी दौरा किया। हिमाचल प्रदेश में गत रविवार रात के बाद से बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 78 हो गई है।

शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने शनिवार को बताया था कि प्रदेश में पिछले रविवार की रात से हुई 78 मौतों में से 24 मौत अकेले शिमला में तीन बड़े भूस्खलनों के कारण हुईं। उन्होंने बताया कि इनमें से 17 लोगों की मौत समर हिल के शिव मंदिर में हुई, जबकि फागली में पांच लोगों की और कृष्णानगर में दो लोगों की जान चली गई।

राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 24 जून को हुई मॉनसून की शुरुआत के बाद से बारिश से संबंधित घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं में 338 लोगों की मौत हुई है तथा 38 लोग लापता हैं। इसने कहा कि 338 मृतकों में से 221 लोगों की मृत्यु बारिश संबंधित घटनाओं में हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें