Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

उद्योगों को सबसे अधिक धनराशि देने वाला प्रदेश बना यूपी : CM Yogi

August 21, 2023

उद्योगों को सबसे अधिक धनराशि देने वाला प्रदेश बना यूपी : CM Yogi

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि छह साल पहले देश में बीमारू राज्य के तौर पर जाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज सबसे अधिक घरेलू पर्यटकों को आकर्षित करने व बैंकों से सबसे अधिक उद्योगों को धनराशि देने वाला प्रदेश बन गया है। लोकभवन में मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी दुर्घटना बीमा योजना का आगाज करने के बाद श्री योगी ने कहा कि छह वर्ष पहले तक यह बीमारू प्रदेश माना जाता था। कोई यूपी आना नहीं चाहता था। यूपी का नाम सुनकर लोगों में भय़ पैदा होता था, लेकिन अब परिदृश्य बदल गया है। आरबीआई व नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट बताती है कि यूपी देश के अंदर सर्वाधिक निवेश करने वाले प्रदेश के साथ ही सबसे अधिक घरेलू पर्यटकों को आकर्षित करने व बैंकों से सबसे अधिक उद्योगों को धनराशि देने वाला प्रदेश बन गया है।

उन्होंने कहा कि विश्व उद्यमिता दिवस पर सूक्ष्म, उद्यम इकाइयों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होने कहा कि यह यह बदलाव अचानक नहीं आया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा व मार्गदर्शन के साथ प्रदेश सरकार ने बिना भेदभाव के समाज के प्रत्येक तबके को शासन की योजना से जोड़कर प्रत्येक इन्वेस्टर्स पार्टनर्स को सुरक्षा का विश्वास दिलाया। इसीका परिणाम है कि यूपी देश-दुनिया में सबसे अच्छे गंतव्य के रूप में जाना जा रहा है। इसकी पृष्ठभूमि 2018 में तैयार हुई, जब पीएम मोदी ने यूपी के पहले जीआईएस का उद्घाटन किया था।

सीएम योगी ने कहा कि यूपी ने उससे पहले अपने पहले स्थापना दिवस पर ओडीओपी की नई योजना प्रारंभ की थी। उपेक्षित व दम तोड़ रहे इस सेक्टर को कहीं प्रदूषण, कहीं बिजली व अन्य विभागों की उपेक्षा का दंश झेलना पड़ रहा था। तब हमारी सरकार ने तय किया था कि औद्योगिक निवेश के सबसे बड़े गंतव्य के रूप में स्थापित होना है तो हमें अपनी ताकत को पहचानना होगा और हमारी ताकत हैं यूपी के क्लस्टर। एमएसएमई का क्लस्टर अलग-अलग क्षेत्रों में लगभग बंदी के कगार पर था। मगर छह वर्षों में हुए प्रयासों का परिणाम है कि यूपी के एक्सपोट्र्स तीन गुना बढ़े हैं।

आरबीआई व नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होने कहा कि पिछले एक सप्ताह के भीतर आईं रिपोट्र्स पढ़कर उन लोगों की आंखों खुलनी चाहिए, जो कहते हैं कि यूपी में क्या बदला है। उन्हें बताइए कि सुरक्षा की गारंटी देने वाला यूपी देश का पहला राज्य है। यूपी निवेश के सबसे बड़े गंतव्य के रूप में उभरता हुआ राज्य है। बैंकों की सेवाओं को बेहतर तरीके से उद्यमियों तक पहुंचाने वाला अग्रणी व सर्वाधिक पर्यटकों को आकर्षित करने वाला राज्य यूपी है। हमने बीमारू राज्य से उभारकर यूपी को विकसित राज्य की ओर अग्रसर कर दिया। अलग-अलग सेक्टरों में यूपी सरकार ने व्यवस्थित रूप से कार्य प्रारंभ किया तो परिणाम सामने है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें