‘Meesho’ का मंच पर विक्रेताओं की संख्या 10 गुना बढ़ाकर 1.1 करोड़ करने का लक्ष्य
August 23, 2023
नई दिल्ली: ऑनलाइन विक्रेताओं के लिए जीएसटी प्रावधानों में ढील दिए जाने के बाद सॉफ्टबैंक-सर्मिथत डिजिटल कारोबार मंच मीशो ने वर्ष 2027 तक अपने मंच पर एक करोड़ नए विक्रेता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। मीशो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विदित आत्रे ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि मीशो देश की पहली ई-कॉमर्स कंपनी है जो समूह के स्तर पर एकीकृत मुनाफे में आई है।
उन्होंने यह रफ्तार जारी रहने का भरोसा जताया। आत्रे ने कहा कि, ‘‘हमारे मंच पर 13 लाख विक्रेता मौजूद हैं। विक्रेताओं को जोड़ने की नीति में हालिया बदलाव से काफी प्रोत्साहन मिलेगा। हमारा लक्ष्य वर्ष 2027 तक देशभर में एक करोड़ नए विक्रेता जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि देश में ई-कॉमर्स अभी शुरुआती चरण में ही है और सिर्फ 15 से 20 लाख विक्रेता ही ऑनलाइन बिक्री करते हैं।
हालांकि धीरे-धीरे इसमें बदलाव आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इंटरनेट की पहुंच बढ़ने, नेटवर्क की विश्वसनीयता और ऑनलाइन भुगतान बढ़ रहे हैं। लोग बड़े पैमाने पर ऑनलाइन खरीदारी कर रहे हैं। मीशो अपने विक्रेताओं से किसी तरह का कमीशन नहीं लेती है। कंपनी विक्रेताओं से सिर्फ विज्ञापन, लॉजिस्टिक्स या अन्य कारोबारी सुविधाएं देने का शुल्क लेती है।