Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘प्रदेश की सड़कों पर अब नजर नहीं आएंगे निराश्रित गोवंश’

August 27, 2023

‘प्रदेश की सड़कों पर अब नजर नहीं आएंगे निराश्रित गोवंश’

सीएम योगी ने निराश्रित गोवंश की सुरक्षा व देखभाल का उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिये

लखनऊः उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निराश्रित गोवंश की सुरक्षा और देखभाल का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। रविवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में गोवंश के संरक्षण को लेकर प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की। जिलाधिकारियों को इसे अपनी प्राथमिकता सूची में शामिल करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।

निराश्रित गोवंश को पहले से संचालित गो संरक्षण केंद्रों तक पहुंचाने, उनके लिए हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने और समय-समय पर स्वास्थ्य प्रशिक्षण के लिए भी निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लगातार प्रदेश भर में सड़कों पर निराश्रित गोवंश की तादाद बढ़ने की शिकायतें मिल रही थीं। बयान में कहा गया है कि इससे पहले भी योगी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी, जिसके बाद काफी सुधार भी देखने को मिला था और अब राज्य सरकार ने इस दिशा में और तेजी से कार्य करने के निर्देश दिये हैं, ताकि प्रदेश की सड़कों पर एक भी निराश्रित गोवंश न दिखे। अपर मुख्य सचिव पशुधन डॉ. रजनीश दुबे ने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक निराश्रित गोवंश की गो आश्रय स्थलों पर रहने की उचित व्यवस्था की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें