Medi Assist ने SEBI के पास नए सिरे से IPO दस्तावेज किए दाखिल
August 28, 2023
नई दिल्ली: मेडी असिस्ट हेल्थकेयर र्सिवसेज ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से धन जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास नए सिरे से शुरुआती दस्तावेज जमा कराए हैं। आईपीओ के लिए कंपनी का यह दूसरा प्रयास है। इससे पहले कंपनी ने मई, 2021 में आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास दस्तावेज का मसौदा दाखिल किया था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण बाजार की बिगड़ी स्थिति को देखते हुए बाद में अपनी योजना बदल दी थी।
शुक्रवार को दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, मेडी असिस्ट का 2.8 करोड़ शेयर का आईपीओ पूरी तरह से बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसके तहत कंपनी के प्रवर्तक और मौजूदा शेयरधारक बिक्री के लिए शेयर रखेंगे। ओएफएस में शेयर बेचने वालों में विक्रम जीत सिंह चटवाल, मेडिमैटर हेल्थ मैनेजमेंट, बेसेमर इंडिया कैपिटल होल्डिंग्स-2 लिमिटेड, बेसेमर हेल्थ कैपिटल एलएलसी और इन्वेस्टकॉर्प प्राइवेट इक्विटी फंड-1 शामिल हैं।
चूंकि यह निर्गम पूरी तरह से ओएफएस पर आधारित है, इसलिए कंपनी को कोई आय प्राप्त नहीं होगी और सारा पैसा शेयर बेचने वाले शेयरधारकों के पास चला जाएगा। बेंगलुरु स्थित मेडी असिस्ट एक स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी कंपनी है।